त्येक विद्यार्थी का समग्र विकास शिक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता: शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा
चंडीगढ़, 02 फरवरी (अभी): हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री महिपाल ढांडा ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी का समग्र विकास शिक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 को लागू करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। शिक्षा विभाग को इसके तेजी से क्रियान्वयन के निर्देश पहले ही दिए जा चुके हैं।
शिक्षा मंत्री दीनबंधु सर छोटू राम की 144वीं जयंती के अवसर पर गुरुग्राम के झाड़सा स्थित सीआर मॉडल पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे।
श्री महिपाल ढांडा ने कहा कि सर छोटू राम ने समाज के शोषित और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य किया है। उन्होंने कहा कि राजस्व मंत्री के रूप में सर छोटू राम ने भारी कर्ज के बोझ तले दबे किसानों को न्याय दिलाने के लिए अपने पद का प्रयोग किया।
मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसमें चरित्र निर्माण और कौशल विकास पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए, ताकि छात्रों को सही रोजगार के अवसर प्राप्त करने में मदद मिल सके। उन्होंने कहा कि बच्चों को महान नेताओं और योद्धाओं के बारे में पढ़ाया जाना चाहिए, जो उन्हें राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने के लिए प्रेरित कर सकें।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत अपनी वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ा रहा है। उन्होंने सभी से 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में मिलकर काम करने की अपील की और इस बात पर जोर दिया कि समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ प्रयास अभी से शुरू होने चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान श्री महिपाल ढांडा ने शैक्षणिक विकास के लिए सर छोटू राम सोसायटी को 21 लाख रुपए का अनुदान देने की घोषणा की। उन्होंने स्कूल के नए ई-ब्लॉक की आधारशिला भी रखी।
विधायक श्री मुकेश शर्मा और श्री तेजपाल तंवर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।