महिला सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध ,राज्य के लोगों को बसंत पंचमी की शुभकामनाएं दी – महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी
चंडीगढ़, 02 फरवरी (अभी) : हरियाणा की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण और स्वावलंबन पर केन्द्रित अनेक योजनाएं क्रियान्वित की हैं।
श्रीमती श्रुति चौधरी भिवानी में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित बसंत पंचमी महोत्सव को संबोधित कर रही थीं। इस अवसर पर विधायक श्री घनश्याम सर्राफ तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की आयुक्त एवं सचिव श्रीमती अमनीत पी. कुमार भी उपस्थित थीं।
उन्होंने बसंत पंचमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने पानीपत में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान लागू किया, जो हरियाणा से उनके गहरे जुड़ाव को दर्शाता है। उन्होंने अपने दादा पूर्व मुख्यमंत्री स्व. चौधरी बंसीलाल के महिला सशक्तिकरण के प्रगतिशील दृष्टिकोण को भी साझा किया, जिसे राज्य सरकार भी पूरा कर रही है। एक निजी पल को याद करते हुए उन्होंने कहा कि जब करीब दो दशक पहले एक दुर्घटना में उनके पिता का निधन हो गया था, तो उनके दादा ने सामाजिक रूढ़ियों को तोड़ते हुए महिलाओं के सिर पर पगड़ी बांधने का साहसिक कदम उठाया था, जो महिलाओं की ताकत और समानता का प्रतीक है। आज समाज उस फैसले के महत्व को पहचानता है।
उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि वे समर्पण और निष्ठा के साथ काम करें ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि सरकारी योजनाएं महिलाओं और बच्चों को वास्तव में लाभान्वित करें।
महिला एवं बाल विकास मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के पहले 100 दिनों में बच्चों की देखभाल के लिए 324 शिशु गृह खोले गए हैं। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा बजट में कर छूट की सीमा 7 लाख से बढ़ाकर 12 लाख करने का उल्लेख किया, जिससे लोगों को बड़ी आर्थिक राहत मिली है।
महिला एवं बाल विकास विभाग की आयुक्त एवं सचिव श्रीमती अमनीत पी. कुमार ने भी महिलाओं एवं बच्चों के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा की गई विभिन्न पहलों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान एवं कुपोषण मुक्त पहल जैसे कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की। उन्होंने जरूरतमंद महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के लिए ऐसे कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू करने के महत्व पर जोर दिया।
सं.आईपीआरडीएच/2025
*हरियाणा सरकार ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के दिन 5 फरवरी को सवेतन अवकाश घोषित किया*
चंडीगढ़, 2 फरवरी: हरियाणा सरकार ने 5 फरवरी, 2025 (बुधवार) को, जो कि दिल्ली विधानसभा के आम चुनाव के लिए मतदान का दिन है, हरियाणा सरकार के सभी कार्यालयों, शैक्षणिक एवं अन्य संस्थानों, तथा बोर्डों और निगमों में सवेतन अवकाश/विशेष आकस्मिक अवकाश (सवेतन) घोषित किया है। यह प्रावधान, परक्राम्य लिखत अधिनियम, 1881 की धारा 25 और जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 (1996 में संशोधित) की धारा 135-बी के तहत, उन कर्मचारियों पर लागू होता है जो दिल्ली विधानसभा के पंजीकृत मतदाता हैं, जिससे उन्हें आम चुनाव में अपना वोट डालने की अनुमति मिलती है।
इस संबंध में मुख्य सचिव कार्यालय द्वारा अधिसूचना जारी कर दी गई है।
हरियाणा में कारखानों, दुकानों और निजी प्रतिष्ठानों के कर्मचारी, जो राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के पंजीकृत मतदाता हैं, वे भी इसी उद्देश्य के लिए अवकाश (वेतन सहित) लेने के हकदार हैं।