एयरो इंडिया 2025 विमान निर्माण तकनीक और रक्षा नवाचार के भविष्य पर एक नज़र
आरएस अनेजा, 08 फरवरी नई दिल्ली
बैंगलूरु में आयोजित होने वाला एयरो इंडिया एशिया का सबसे बड़ा एयर शो है। यह द्विवार्षिक एयर शो और विमानन प्रदर्शनी है जिसे रक्षा प्रदर्शनी संगठन, रक्षा उत्पादन विभाग और रक्षा मंत्रालय बेंगलुरु में आयोजित करता है।
एयरो इंडिया भारत की प्रमुख एयरोस्पेस और रक्षा प्रदर्शनी है जहां वैश्विक एयरो विक्रेता और भारतीय वायु सेना (आईएएफ) एक के बाद एक हवाई कलाबाज़ी के प्रदर्शन से दर्शकों को रोमांचित करते हैं। यह एक प्रमुख कार्यक्रम है जो वैश्विक उद्योग जगत के दिग्गजों, सरकारी अधिकारियों, प्रौद्योगिकी विशेषज्ञों और रक्षा रणनीतिकारों को एक मंच पर लाता है। यह कार्यक्रम न केवल देश की तकनीकी शक्ति और नवाचारों को प्रदर्शित करता है बल्कि अंतर्राष्ट्रीय सहयोग और रणनीतिक संवाद के लिए एक गतिशील मंच भी प्रदान करता है।
एयरो इंडिया एक प्रमुख अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रम के रूप में विकसित हुआ है जो न केवल विमान निर्माण या अंतरिक्ष (एयरोस्पेस) प्रौद्योगिकी में नवीनतम प्रगति को उजागर करता है बल्कि घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय हितधारकों के बीच रणनीतिक बातचीत का एक महत्वपूर्ण मंच भी है। यह शो देश की विमान निर्माण तकनीकी और रक्षा क्षमताओं को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता का प्रतिबिंब है। पिछले कुछ वर्षों में, एयरो इंडिया निम्नलिखित में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है:
अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों का प्रदर्शन : इस कार्यक्रम में नियमित रूप से अत्याधुनिक अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी प्रणालियों, नवीन रक्षा समाधानों और सफल प्रौद्योगिकियों का प्रदर्शन किया जाता है, जो हवाई और अंतरिक्ष यात्रा के भविष्य को आकार दे रहे हैं।
रणनीतिक संवाद को बढ़ावा देना : उच्च स्तरीय बातचीत के जरिए एयरो इंडिया ने नीति, रक्षा सहयोग और एयरोस्पेस क्षेत्र के भविष्य की कार्य योजना पर चर्चा के लिए मंच प्रदान करता है।
अंतर्राष्ट्रीय साझेदारी बढ़ाना : वैश्विक एयरोस्पेस दिग्गजों और रक्षा एजेंसियों की भागीदारी के साथ, यह शो अंतर्राष्ट्रीय एयरोस्पेस समुदाय में एक प्रमुख खिलाड़ी के रूप में भारत की बढ़ती स्थिति को दर्शाता है।
इस विरासत ने न केवल इस आयोजन के वर्तमान संस्करणों का मार्ग प्रशस्त किया है, बल्कि भविष्य के लिए एक उच्च मानक भी स्थापित किया है। एयरो इंडिया एक प्रदर्शनी से कहीं अधिक है - यह नवाचार, रणनीति और राष्ट्रीय गौरव का केंद्र बिंदु है।
एयरो इंडिया 2025, एयरो इंडिया का 15वां संस्करण है। इसे ऐतिहासिक संस्करण के रूप में डिज़ाइन किया गया है जिसे विमान निर्माण तकनीक या अंतरिक्ष (एयरोस्पेस) और रक्षा प्रौद्योगिकी में नए क्षेत्रों को दर्शाते हुए अपने पूर्ववर्तियों की सफलताओं का लाभ मिलता है। एयरो इंडिया 2025 का आयोजन 10 से 14 फरवरी 2025 तक कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू के येलहंका एयर फ़ोर्स स्टेशन में किया जाएगा। शो के पहले तीन दिन व्यावसायिक आगंतुकों के लिए समर्पित हैं, जबकि अंतिम दो दिन आम जनता के लिए खुले हैं।
एयरो इंडिया 2025 के कार्यक्रम
इस पांच दिवसीय एयरशो में एक पूर्वावलोकन कार्यक्रम, उद्घाटन समारोह, रक्षा मंत्रियों का सम्मेलन, सीईओ गोलमेज सम्मेलन, आईडेक्स स्टार्ट-अप कार्यक्रम, शानदार एयर शो और भारतीय मंडप सहित एक विशाल प्रदर्शनी क्षेत्र तथा विमान निर्माण कंपनियों का एक व्यापार मेला शामिल है।
सहयोगी देशों के साथ रणनीतिक साझेदारी की दिशा में बातचीत को संभव बनाने के लिए भारत ‘ब्रिज - अंतर्राष्ट्रीय रक्षा और वैश्विक जुड़ाव से आत्म-निर्भर बनाना’ विषय पर रक्षा मंत्रियों के सम्मेलन की मेज़बानी करेगा। यह गतिशील भू-राजनीतिक स्थितियों और आपसी समृद्धि के मार्ग को समाहित करता है, जिसे सुरक्षा और विकास की साझा समझ वाले देशों के बीच सहयोग के माध्यम से जोड़ा जा सकता है।
इस एयरशो के दौरान रक्षा मंत्री, रक्षा राज्य मंत्री, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ और सचिव स्तर पर कई द्विपक्षीय बैठकें आयोजित की जाएंगी। इस दौरान सहयोगी देशों के साथ रक्षा और एयरोस्पेस संबंधों को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा, ताकि साझेदारी को अगले स्तर तक ले जाने के लिए नए रास्ते तलाशे जा सकें।
सीईओ राउंड-टेबल से विदेशी मूल उपकरण निर्माताओं (ओईएम) को भारत में विनिर्माण के लिए अनुकूल मंच मिलने की उम्मीद है। इस कार्यक्रम में वैश्विक सीईओ, घरेलू सार्वजनिक उपक्रमों के सीएमडी और भारत की प्रमुख निजी रक्षा एवं एयरोस्पेस विनिर्माण कंपनियों के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भाग लेंगे।
इंडिया पैवेलियन स्वदेशी रक्षा विनिर्माण क्षमताओं और वैश्विक मंच के लिए तैयार अत्याधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन करके मेक-इन-इंडिया पहल के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करेगा। भारतीय स्टार्ट-अप को बढ़ावा देना एयरो इंडिया 2025 का फोकस क्षेत्र है और उनके द्वारा विकसित अत्याधुनिक तकनीकों/उत्पादों की एक विस्तृत श्रृंखला को एक विशेष आईडीईएक्स पैवेलियन में प्रदर्शित किया जाएगा।
इसके अलावा, गतिशील एरोबैटिक प्रदर्शन और लाइव प्रौद्योगिकी प्रदर्शन आधुनिक एयरोस्पेस प्लेटफॉर्म और प्रौद्योगिकियों की क्षमता को प्रदर्शित करते हुए एक गहन अनुभव प्रदान करेंगे। इस एयरशो में विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर कई सेमिनारों की भी योजना बनाई गई है।