यमुना माँ के श्राप व पीएम मोदी की नीतियों के सामने फेल हुए केजरीवाल-  पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा

चंडीगढ़, 08 फरवरी (अभी) - विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने दिल्ली चुनाव पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी यमुना माँ के श्राप व प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों के सामने फेल हो गए हैं। वर्ष 2020 में उन्होंने खुद कहा था कि यदि वो यमुना की सफाई सुनिश्चित न कर पाएं तो दिल्ली की जनता उन्हें वोट न करे। आज दिल्ली की जनता ने अपना वायदा निभा दिया है। 

डॉ अरविंद शर्मा ने यह बात शनिवार को गोहाना में सिग्मा एजुकेशन एंड इमिग्रेशन कंसल्टेंट कार्यालय का उद्घाटन करने के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते समय कही। उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में दिल्ली की जनता-जनार्दन ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों पर भरोसा और अरविंद केजरीवाल की डर व भ्रम की राजनीति पर अपना जनादेश दिया है। डॉ अरविंद शर्मा ने दिल्ली में 27 साल के बाद भाजपा सरकार बनने पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के विकास को 11 साल तक महज इसलिए रोकने का काम किया, ताकि उन्हें प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को विकास का श्रेय न देना पड़े। चुनाव को साम-दाम, दंड-भेद की नीति पर लड़ते हुए अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली और हरियाणा के भाईचारे को खराब करने व यमुना माँ को कलंकित करने की कोशिश की। उनकी चालाकियों को दिल्ली की जनता ने समझा और करारा जवाब दिया।

कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि दिल्ली की जनता ने महसूस किया कि अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा करोड़ों परिवारों को दिए जा रहे लाभ उनतक नहीं पहुंचने दिए, इससे स्पष्ट हो गया था कि उन्हें दिल्ली के विकास और आमजन की भलाई से कोई मतलब नहीं है। उन्होंने कहा कि आज दिल्ली की डबल इंजन की सरकार बनने से दिल्ली के विकास की रफ्तार बढ़ेगी और आम आदमी को केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार की नीतियों का भरपूर लाभ मिलेगा।

Previous
Previous

एयरो इंडिया 2025 विमान निर्माण तकनीक और रक्षा नवाचार के भविष्य पर एक नज़र

Next
Next

22 फरवरी से नए प्रारूप में होगा गार्ड ऑफ चेंज समारोह