प्रधानमंत्री ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ के कारण हुई लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया
आरएस अनेजा, 16 फरवरी नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ के कारण हुई लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया है। मोदी ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
एक्स पर एक पोस्ट में, प्रधानमंत्री ने कहा;
“नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ से व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। अधिकारीगण इस भगदड़ से प्रभावित हुए सभी लोगों की सहायता कर रहे हैं।”
गौरतलब है कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार की रात दर्दनाक हादसा हुआ। स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ने से भगदड़ मच गई। हादसे में 18 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक घायल हो गए हैं। घटना के चश्मदीद भी सामने आए हैं। चश्मदीदों ने बताया कि ऐसा लगा कि दम घुट जाएगा, हम बच नहीं सकेंगे। शुक्र है कि किसी तरह जान बचा सके।
जानकारी के मुताबिक, जब प्लेटफॉर्म नंबर 14 पर प्रयागराज एक्सप्रेस खड़ी थी, उस दौरान प्लेटफॉर्म पर काफी लोग इकट्ठा थे। स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस और भुवनेश्वर राजधानी भी लेट थीं। इसकी वजह से इन ट्रेनों के यात्री भी प्लेटफॉर्म नंबर 12, 13 और 14 पर पहुंच गए थे। मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि भारी संख्या में लोग थे, मगर पुलिस और रेल प्रशासन की तरफ से भीड़ को संभालने के कोई इंतजाम नहीं थे। इक्का-दुक्का पुलिसकर्मी ही दिखाई दे रहे थे। ऐसे में लोग अपनी मनमर्जी चल रहे थे। लोगों का कहना है कि प्लेटफार्म पर पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मी होते तो शायद हादसा नहीं होता।
उधर, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुआ दर्दनाक हादसे को लेकर दिल्ली पुलिस व रेल प्रशासन आमने-सामने आ गया है। देर रात हादसे की वजह भी सामने आ गई। प्रयागराज जाने वाले दो ट्रेन पहले से लेट थीं। इन ट्रेनों के यात्री प्लेटफार्म नंबर-14 पर इंतजार कर रहे थे। तभी रेल प्रशासन ने प्रयागराज के लिए नई दिल्ली से जाने की घोषणा कर दी। ट्रेन का एलान होते ही यात्री प्लेटफार्म नंबर 14 से 16 की तरफ भागने लगे। इससे भगदड़ मच गई। ट्रेन तक पहले पहुंचने के चक्कर में लोग एक-दूसरे को रौंदते रहे। लोग सीढ़ियों, प्लेटफार्म पर पटरियों पर भी गिर गए। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों के अंग भी कटे हैं।