चंडीगढ़: सेक्टर-29 में जन्माष्टमी नाटक की रिहर्सल करने जा रहे युवकों पर चाकू से जानलेवा हमला; पुरानी रंजिश का मामला आया सामने
चंडीगढ़, 4 सितंबर (अन्नू): चंडीगढ़ के सेक्टर-29 में जन्माष्टमी कार्यक्रम के लिए नाटक की रिहर्सल करने जा रहे तीन युवकों पर दो हमलावरों ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में शुभ नाम के युवक की आंख के नीचे गंभीर चोट आई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही इंडस्ट्रियल एरिया थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सतनाम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
पुरानी रंजिश और घर पर शराब की बोतलें फेंकने से जुड़ा है विवाद
पीड़ित युवक के भाई सनी ने बताया कि गुरुवार रात करीब 9 बजे उसका भाई आशीष अपने दोस्तों शुभ और रवि के साथ जन्माष्टमी नाटक की रिहर्सल के लिए जा रहा था। रास्ते में टीटा नाम के युवक ने उन्हें पीछे से आवाज देकर रोका और मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान टीटा का साथी चाकू लेकर आ गया और दोनों ने युवकों पर हमला कर दिया।
सनी के अनुसार, करीब तीन दिन पहले उनके घर पर रात को किसी ने शराब की बोतलें फेंकी थीं, जिसकी शिकायत उन्होंने 112 पर पुलिस को दी थी और सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सौंपी थी। परिवार को शक था कि इस घटना के पीछे टीटा का हाथ है। वारदात वाले दिन दोपहर में सनी ने टीटा से इस बारे में बात की थी। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते टीटा ने रात में अपने साथी के साथ मिलकर इस हमले को अंजाम दिया।
एरिया पार्षद के पति दविंदर सिंह बबला ने पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मेयर हरप्रीत कौर बबला के पति व वरिष्ठ नेता दविंदर सिंह बबला मौके पर पहुंचे। उन्होंने सेक्टर-29 में सरेआम बढ़ रही नशे की समस्या को लेकर पुलिस प्रशासन पर सवाल खड़े किए। बबला ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में नशा करने वाले युवक खुलेआम गुंडागर्दी और मारपीट कर रहे हैं। पुलिस को नामजद शिकायतें देने के बावजूद सख्त कार्रवाई न होने से असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने जल्द ही नशा तस्करों और अपराधियों के खिलाफ कड़े कदम नहीं उठाए, तो वे उच्च पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर शिकायत दर्ज करवाएंगे।
पुलिस कर रही है आरोपियों की तलाश
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सतनाम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित युवकों के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस का कहना है कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
#ChandigarhNews #ChandigarhPolice #CrimeNews #Sector29Chandigarh #Janmashtami2026 #DanikKhabar #BreakingNews
Previous
टोहाना: 2 किलो 714 ग्राम डोडा पोस्त बरामदगी मामले में मुख्य आरोपी उमेश उर्फ छोटा गिरफ्तार; मोटरसाइकिल जब्त
Next