03/05/25

योग संगम स्वास्थ्य के लिए वैश्विक एकजुटता का प्रतीक है - योग और उससे परे मानवता को एकजुट करने वाली एक शक्तिशाली मुहिम: प्रतापराव जाधव

आरएस अनेजा, 03 मई नई दिल्ली

महाकुंभ की भूमि नासिक में योग का विशाल उत्सव मनाया गया, जहां 6000 से अधिक उत्साही लोगों ने मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान (एमडीएनआईवाई), आयुष मंत्रालय द्वारा आयोजित योग महोत्सव में हिस्सा लिया।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) 2025 के 50 दिन शेष हैं और ये सभी उस विशाल आयोजन की उल्टी गिनती को चिह्नित करने के लिए एक साथ आए। पंचवटी में आध्यात्मिक रूप से महत्वपूर्ण गौरी मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में न केवल भारत की समृद्ध योग परंपरा का उल्लेख किया गया, बल्कि योग संगम पोर्टल का शुभारंभ भी किया गया। यह 21 जून को पूरे भारत में 1,00,000 से अधिक स्थानों पर आईडीवाई 2025 के समकालिक राष्ट्रव्यापी उत्सव को सुविधाजनक बनाने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण के लिए एक डिजिटल मंच हैं।

केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। जाधव ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए योग के महत्व पर जोर दिया और कहा कि, "नासिक एक पवित्र शहर है, जो गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति से धन्य है और यहां आकर मुझे गर्व एवं खुशी महसूस हुई। योग, जो कभी भारतीय परंपरा का अभिन्न अंग था, अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध हो गया है।"

उन्होंने कहा कि भारत सरकार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही है और "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अथक प्रयासों की बदौलत आज योग दुनिया भर में लाखों लोगों के जीवन का आधार बना हुआ है। हर व्यक्ति तक इसके लाभ पहुंचाने के प्रयासों के तहत, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 को एक दशक तक चलने वाले वैश्विक उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है।"

जाधव ने योग संगम पोर्टल का शुभारंभ करते हुए कहा, "आज, नासिक की पवित्र धरती पर, हमने ऑनलाइन पंजीकरण के लिए 'योग संगम पोर्टल' का शुभारंभ किया है, जो अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। योग संगम स्वास्थ्य के लिए वैश्विक एकजुटता का प्रतीक है, और इस तरह की पहल के माध्यम से, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस एक शक्तिशाली वैश्विक मुहिम बन रहा है जो मानवता को एकजुट करते हुए इसे और आगे बढ़ाता है।"

उन्होंने कहा, "मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान और आयुष मंत्रालय योग की इस दशक लंबी यात्रा में अपने योगदान के लिए बधाई के पात्र हैं।"

उल्लेखनीय है कि योग संगम, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) 2025 के दस प्रमुख कार्यक्रमों में से एक है, जो भारत भर में 1,00,000 स्थानों पर समन्वित सामूहिक योग प्रदर्शन को सामने लाने वाली एक अभूतपूर्व पहल है। यह 21 जून 2025 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर होगा। इस कार्यक्रम में सामंजस्यपूर्ण तरीके से लाखों लोग योग के तहत एकजुट होंगे।

आयुष मंत्रालय की संयुक्त सचिव मोनालिसा दास ने कार्यक्रम में स्वागत भाषण में सभी विशिष्ट अतिथियों को संबोधित करते हुए कहा कि "वसुधैव कुटुम्बकम" - दुनिया एक परिवार है - भारत के सबसे महान मार्गदर्शक सिद्धांतों में से एक है और वैश्विक भाईचारे तथा सद्भाव का एक सच्चा प्रतीक है।"

आज के योग महोत्सव के दौरान सामान्य योग प्रोटोकॉल पर विशेष जोर दिया गया। प्रमुख योग विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर विकसित सीवाईपी को लोगों को अपने जीवन में प्राणायाम और ध्यान जैसे दैनिक योग अभ्यासों को शामिल करने में मदद करने के लिए डिज़ाइन किया गया है, जिससे लचीलापन, शक्ति, संतुलन और समग्र सामंजस्य बढ़ता है। भारत सरकार का योग पोर्टल नागरिकों को प्रतिदिन योग अपनाने, अभ्यास करने और उसका आनंद लेने के लिए प्रोत्साहित करने वाला एक मूल्यवान मंच है।

नासिक में आयोजित योग महोत्सव अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2025 की तैयारी में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो योग के माध्यम से समग्र स्वास्थ्य, तंदुरुस्ती और पर्यावरणीय स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए भारत सरकार की प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है।

Previous

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेष वियतनाम के हो ची मिन्ह शहर पहुंचे

Next

आरजीएचएस योजना में गलत तरीके से भुगतान उठाने का प्रयास करने पर की जा रही है कठोर कार्रवाई