21/05/25

योग दिवस पर होने वाला कार्यक्रम भारत का सबसे बड़ा स्वास्थ्य (वेलनेस) समारोह बनने जा रहा है

आरएस अनेजा, 21 मई नई दिल्ली

आयुष मंत्रालय ने बताया 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले अब तक 1,000 से अधिक संगठनों ने पहले ही प्रमुख योग संगम पहल के तहत अपने प्रस्ताव पंजीकृत करा दिए हैं। योग दिवस पर होने वाला कार्यक्रम भारत का सबसे बड़ा स्वास्थ्य (वेलनेस) समारोह बनने के लिए तैयार है।

स्कूल, कॉलेज, कॉरपोरेट्स, एनजीओ, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, सरकारी विभागों और सभी 28 राज्यों एवं 7 केंद्र शासित प्रदेशों के जमीनी स्तर के सामुदायिक समूहों के साथ, विभिन्न संगठनों और संस्थानों की तरफ से उत्साही प्रतिक्रिया आ रही है। इन समूहों ने देश को आत्मा, श्वास और गति में एकजुट करने के सामान्य योग प्रोटोकॉल (सीवाईपी) के अनुरूप योग प्रदर्शन आयोजित करने का संकल्प लिया है ।

संयुक्त राष्ट्र के 2015 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व के अनुरोध पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को आधिकारिक रूप से मान्यता दिए जाने को इस वर्ष एक दशक पूरा हो गया है। चूंकि राष्ट्र स्वास्थ्य के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व के एक दशक का जश्न मना रहा है, इसलिए 2025 की थीम “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” पहले से कहीं अधिक गहराई से गूंज रही है।

बर्फ से ढके हिमालय से लेकर कन्याकुमारी के दक्षिणी छोर तक, शांत पार्कों से लेकर हलचल भरे स्कूल के मैदानों और कार्यालयों के लॉन तक, 21 जून को एक लाख से अधिक स्थानों के स्वास्थ्य और एकता के जीवंत केंद्रों में तब्दील होने की उम्मीद है। योग संगम सिर्फ एक आयोजन नहीं है, बल्कि यह हमारे भीतर और हमारे आसपास सद्भाव को बढ़ावा देने वाला एक राष्ट्रीय स्वास्थ्य आंदोलन है।

आंदोलन के साथ जुड़िए

आयुष मंत्रालय नागरिकों, संस्थाओं और समुदायों को इस ऐतिहासिक योग संगम का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित करता है। स्थानीय योग सत्रों की मेजबानी करके वे अपने आप में स्वास्थ्य के क्षेत्र में अग्रणी बन सकते हैं।

इसमें भाग लेने का तरीका:

  • yoga.ayush.gov.in/yoga-sangam पर विजिट करें.

  • अपना समूह या संगठन पंजीकृत करें

  • 21 जून 2025 को अपना योग संगम कार्यक्रम आयोजित करें

  • कार्यक्रम के बाद, भागीदारी का विवरण अपलोड करें और अपना आधिकारिक प्रशंसा प्रमाणपत्र प्राप्त करें

****

Previous

आयुष ने ओसाका एक्सपो में भारत की समग्र स्वास्थ्य शक्ति प्रदर्शित की

Next

प्रधानमंत्री 22 मई को राजस्थान में कई परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्धाटन करेंगे