23/07/26

रक्षामंत्री ने त्रि-सेवा सर्व-महिला विश्व परिक्रमा नौकायन अभियान की वापसी पर दल का स्वागत किया

आरएस अनेजा, 23 जुलाई नई दिल्ली - रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पहली बार आयोजित त्रि-सेवा सर्व-महिला विश्व परिक्रमा नौकायन अभियान ‘समुद्र प्रदक्षिणा’ की सफल वापसी पर दल का औपचारिक स्वागत किया। भारतीय सेना के नौकायन पोत (आईएएसवी) त्रिवेणी पर सवार तीनों सेनाओं की नौ महिला अधिकारी चार महासागरों में लगभग 25,500 समुद्री मील की दूरी तय करते हुए 314 दिनों की सफल यात्रा पूरी कर मुंबई लौटीं। इस अभियान का वर्चुअल शुभारंभ श्री राजनाथ सिंह ने 11 सितंबर, 2025 को मुंबई से किया था।

इस अवसर पर रक्षा मंत्री ने अभियान की सफल पूर्णता को भारत की नारी शक्ति का प्रमाण, राष्ट्र के दृढ़ संकल्प का प्रतीक, त्रि-सेवा समन्वय एवं संयुक्तता की प्रभावशीलता का साक्ष्य तथा चुनौतियों पर विजय प्राप्त कर इतिहास रचने वाले ‘नए भारत’ के उत्सव के रूप में वर्णित किया।

इस मिशन की सफलता सूक्ष्म योजना, लगभग दो वर्षों के गहन प्रशिक्षण, चौबीसों घंटे कार्यरत समर्पित तटीय सहायता नेटवर्क तथा अनेक संगठनों और सहयोगी एजेंसियों की अटूट प्रतिबद्धता के कारण संभव हो सकी। इस अभियान ने देशांतर की सभी मध्यान्ह रेखाओं को पार करने, भूमध्य रेखा को दो बार पार करने, अंतरराष्ट्रीय तिथि रेखा को पार करने तथा तीन प्रमुख अंतरीपों—केप लीउविन, केप हॉर्न और केप ऑफ गुड होप—का चक्कर लगाने सहित, विश्व परिक्रमा के सभी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्य मानदंडों को सफलतापूर्वक पूरा किया।

 

भीषण ड्रेक जलडमरूमध्य को सफलतापूर्वक पार करने और केप हॉर्न का चक्कर लगाने के साथ ही दल को प्रतिष्ठित केप हॉर्नर्स समुदाय की सदस्यता प्राप्त हुई। यह सम्मान उन नाविकों को दिया जाता है जो विश्व के सबसे चुनौतीपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक को सफलतापूर्वक पार करते हैं। आईएएसवी त्रिवेणी के दल के साहस, जज़्बे और दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि इस अभियान ने सिद्ध कर दिया है कि मानव का साहस किसी भी तूफान से कहीं अधिक शक्तिशाली होता है। उन्होंने कहा, “समुद्र की लहरें चाहे जितनी ऊँची उठें, भारत की बेटियों का हौसला उससे भी अधिक ऊँचा है।” उन्होंने इस बात पर बल दिया कि आज देश की महिलाएँ अवसरों का सृजन कर रही हैं, अग्रिम पंक्ति में नेतृत्व कर रही हैं और इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा रही हैं।

Previous

मुख्यमंत्री का संबल सखी यंग प्रोफेशनल्स से संवाद,संबल सखियों के माध्यम से साकार होगा विकसित राजस्थान 2047 का संकल्प- मुख्यमंत्री राजस्थान

Next

दैनिक खबर: आज 23 जुलाई, 2026 के प्रातः 10 बजे के ताज़ा समाचार