06/04/26

अंबाला मंडी में बारिश से भीगी गेहूं की फसल: सड़कों पर अनाज सुखाने को मजबूर हुए किसान

अंबाला, 6 अप्रैल (अन्‍नू): अंबाला सिटी की अनाज मंडी में रविवार को मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे खुले आसमान के नीचे रखी सैकड़ों क्विंटल गेहूं की फसल भीग गई। दोपहर के समय हुई तेज बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी। जैसे ही बारिश थमी और धूप निकली, किसानों ने अपनी मेहनत की फसल को बचाने के लिए जद्दोजहद शुरू कर दी। मंडी के भीतर जगह कम होने और नमी के डर से किसानों को सड़कों का सहारा लेना पड़ा।



भीगी फसल बचाने की जद्दोजहद


गेहूं में नमी बढ़ने से दाना गल न जाए, इसके लिए किसानों ने ट्रैक्टरों के पीछे प्लास्टिक के कराहे बांधकर अनाज को सड़कों पर फैलाना शुरू कर दिया ताकि वह जल्दी सूख सके। वहीं, जिन किसानों की फसल शेड के नीचे सुरक्षित बच गई थी, वे उसे पंखों की हवा से सुखाकर बोरियों में भरने के काम में जुटे रहे। किसानों का कहना है कि बार-बार बदलता मौसम उनकी उम्मीदों पर पानी फेर रहा है।


किसानों की बढ़ती परेशानी


मंडी में आए किसान दर्शन, कुलदीप और सोमपाल ने अपना दर्द साझा करते हुए बताया कि इस बार कुदरत का मिजाज समझना बहुत मुश्किल हो गया है। कभी तेज धूप खिलती है तो अचानक बादल छा जाते हैं। तिरपाल से ढंकने का मौका मिलने से पहले ही बारिश फसल को भिगो देती है। मौसम की इस अनिश्चितता ने कटाई और उठान के काम को काफी चुनौतीपूर्ण बना दिया है।


मंडी में हाईटेक निगरानी


किसानों की सुविधा और काम में पारदर्शिता के लिए मार्केट कमेटी ने मंडी के गेट पर हेल्प डेस्क बनाया है। गड़बड़ी रोकने के लिए इस बार बायोमेट्रिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिसमें किसानों के फिंगरप्रिंट और जरूरत पड़ने पर आंखों का स्कैन (Iris Scan) किया जा रहा है। यही नहीं, गेट पास जारी करते समय ट्रैक्टर-ट्रॉली की फोटो भी पोर्टल पर अपलोड की जा रही है ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे।



#AmbalaMandi #FarmersNews #HaryanaWeather #WheatProcurement #AnajMandi #AmbalaNews #AgricultureUpdate #KisanAlert

Previous

नारायणगढ़: पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष की याद में रक्तदान शिविर, पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी ने 39वीं बार किया दान

Next

हर गांव-ढाणी तक समुचित जलापूर्ति प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता - संसदीय कार्य मंत्री राजस्थान