मुंबई के रेस्टोरेंट में वेटर बन छिपा था ₹50,000 का इनामी हत्यारा, दिल्ली क्राइम ब्रांच ने फिल्मी अंदाज में दबोचा
नई दिल्ली/मुंबई, 20 मार्च (अन्नू): दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (सेंट्रल रेंज) ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए सरिता विहार के चर्चित और नृशंस हत्याकांड में शामिल ₹50,000 के इनामी अपराधी विजय पात्रो को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वारदात के बाद से ही अपनी पहचान छिपाकर मुंबई में शरण लिए हुए था, जिसे क्राइम ब्रांच की टीम ने एक सटीक ऑपरेशन के जरिए धर दबोचा।
पुरानी रंजिश और बेरहम कत्ल: यह पूरा मामला 15 सितंबर 2023 का है। दिल्ली के अली विहार (सरिता विहार) में रहने वाले अर्धेन्दु मंडल पर आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते बीच सड़क पर कुल्हाड़ी और चाकू जैसे घातक हथियारों से हमला कर दिया था। इस हमले में अर्धेन्दु की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने पहले ही चार आरोपियों को जेल भेज दिया था, लेकिन विजय पात्रो और उसका साथी फरार चल रहे थे, जिन्हें अदालत ने 'भगोड़ा' घोषित कर दिया था।
पहचान छिपाकर होटल में कर रहा था काम: डीसीपी संजीव कुमार यादव के मार्गदर्शन में इंस्पेक्टर वीर सिंह की टीम ने तकनीकी जांच शुरू की, जिससे पता चला कि विजय पात्रो मुंबई के भीड़भाड़ वाले सीएसटी (CST) इलाके में छिपा है। पुलिस टीम ने जब मुंबई के 'नीलम फूड सेंटर' पर छापा मारा, तो पता चला कि वह वहां एक वेटर के रूप में काम कर रहा था ताकि किसी को शक न हो। दिल्ली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर मुंबई कोर्ट से 5 दिन की ट्रांजिट रिमांड हासिल की है।
अपराध की दुनिया का पुराना नाता: पुलिस के अनुसार, 9वीं तक पढ़ा विजय पात्रो बचपन से ही बुरी संगत में था। उसके दो बड़े भाई भी इसी हत्याकांड में शामिल थे और पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। फिलहाल पुलिस उसे दिल्ली लाकर आगे की पूछताछ कर रही है ताकि केस के अन्य पहलुओं और फरार साथियों का पता लगाया जा सके।
#DainikKhabar #DelhiCrimeBranch #MumbaiPolice #CrimeNews #SaritaViharMurder #BigArrest #PoliceAction #DelhiNews #DanikKhabarDelhi