19/07/25

गुरू हरकिशन साहिब जी के प्रकाश पर्व पर केंद्रीय मंत्री अमित शाह व नितिन गडकरी ने शुभकामनाएं दी, पंजोखरा साहिब में विशेष समागम

आरएस अनेजा, 19 जुलाई नई दिल्ली

आठवीं पातशाही बाला प्रीतम श्री गुरू हरकिशन साहिब महाराज का प्रकाश पर्व आज 19 जुलाई को देशभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। गुरू जी के पावन स्थान दिल्ली में गुरुद्वारा बंगला साहिब तथा अम्बाला छावनी में गुरुद्वारा पंजोखरा साहिब में प्रात: बेला से ही बड़ी संख्या श्रद्धालु इस पावन अवसर पर माथा टेकने के लिए पहुंच रहे हैं।

गुरु महाराज के प्रकाश उत्सव पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी व अन्य ने इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दी है तथा गुरू जी के दिखाए मार्ग पर चलने का आह्वान किया है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि “अल्पायु में ही गुरु गद्दी संभाल कर ज्ञान, करुणा और सेवा से सिख धर्म को लोककल्याण का प्रतीक बनाने वाले गुरु श्री गुरु हरकिशन साहिब जी ने लोगों को स्वस्थ और निरोगी जीवन शैली का मार्ग दिखाया। गुरु साहिब ने मानवता को सर्वोच्च ध्येय बनाकर कुरीतियों की समाप्ति और सामाजिक सद्भाव के लिए जीवन पर्यंत कार्य किया। 'बाला प्रीतम’ के नाम से प्रसिद्ध सिख धर्म के आठवें गुरु श्री गुरु हरकिशन साहिब जी के प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ।“

वहीं, केंद्रीय सड़क, परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने श्री गुरु हरकिशन साहिब जी के प्रकाश पर्व की श्रद्धालुओं को हार्दिक शुभकामनाएं दी।

आज अम्बाला छावनी में गुरु हरकिशन साहिब के पावन स्थान गुरुद्वारा पंजोखरा साहिब में भी विशेष समागम का आयोजन किया जा रहा है। आज प्रात: श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले गए जिसके बाद कीर्तनी जत्थों ने शब्द कीर्तन करते हुए संगत को निहाल किया। धर्म प्रचारकों ने गुरू जी के जीवन से प्रेरणा लेते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। गुरुद्वारा साहिब में आज अमृत संचार भी हुआ जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया।

#Religious #Gurudwarapanjokhrasahib #Gurudwarabanglasahib #nitingadkari #amitshah

Previous

कृषक खेती में नवीन तकनीकों का ज्यादा से ज्यादा करें उपयोग-कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री

Next

5 करोड़ 48 लाख मतदाताओं से बीएलओ घर-घर जाकर भरवाएंगे गणना प्रारूप