05/10/25

केंद्रीय मंत्री ने किया भादरिया ग्राम पंचायत भवन का उद्घाटन

एन.एस.बाछल, 05 अक्तूबर, जयपुर।

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि पंचायत का अपना भवन होना चाहिए। यह केवल प्रशासनिक सुविधा नहीं, बल्कि ग्रामीण स्वराज की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि यह नया पंचायत भवन ग्रामीणों के लिए विकास योजनाओं का केंद्र बनेगा और प्रशासनिक कार्यों में सुगमता लाएगा।

जैसलमेर जिला स्थित भादरिया ग्राम पंचायत भवन के उद्घाटन अवसर पर गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि राजस्थान में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद विकास कार्यों की गति तेज हुई है। कभी विकास में पीछे रहने वाला जैसलमेर आज देश के अग्रणी जिलों में शामिल हुआ है, जो स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जनता के प्रयासों का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि विजयदशमी के अवसर पर प्रधानमंत्री ने यह संदेश दिया कि रावण दहन केवल उत्सव नहीं बल्कि आत्मावलोकन का अवसर है। इसी भावना से मोदी जी ने गरीबों के जीवन में बदलाव लाने के लिए अनेक योजनाएं लागू की हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पंचायत भवनों की चारदीवारी, सड़कों को डबल करने और ओरण जैसे आंदोलनों की प्रासंगिकता पर बल देते हुए उन्होंने जनभागीदारी को अहम बताया।

केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने ज्ञान संरक्षण की दिशा में ऐतिहासिक लाइब्रेरी और रिसर्च सेंटर के निर्माण का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि देश में करोड़ों प्राचीन पांडुलिपियों और दुर्लभ पुस्तकों का डिजिटाइजेशन कर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध कराने का संकल्प लिया गया है। इससे हमारी धरोहर सुरक्षित होगी और नई पीढ़ी को ज्ञान का अमूल्य भंडार मिलेगा। यह प्रयास भारत को सांस्कृतिक, शैक्षिक और लोकतांत्रिक दृष्टि से और मजबूत बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। 

ग्राम पंचायत भादरिया के नवनिर्मित कार्यालय भवन के उद्घाटन पर पहुंचने पर अतिथियों का फूलों की वर्षा कर गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी, पूर्व विधायक सांग सिंह भाटी, पूर्व विधायक शैतान सिंह राठौड़, ग्राम पंचायत भादरिया के सरपंच प्रेम सिंह भाटी, प्रधान सांकड़ा भगवत सिंह तंवर, समाजसेवी दलपत हिंगड़ा, आईदान सिंह भाटी, जिला कलक्टर प्रताप सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मि रानी, पोकरण नगर पालिका अध्यक्ष मनीष पुरोहित सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह के बाद अतिथियों ने भादरिया राय माता जी एवं ज्योत के दर्शन कर आरती में शामिल हुए एवं ग्रामीणों से आत्मीय संवाद भी किया।

#Anil Vij #Haryana #bjp #india #politics #Ambala #Danik Khabar #news #current news #chandigarh #punjab #himachal #Rajasthan

Previous

आईडेंटिफाई दुर्लभ पांडुलिपियों में से अब तक 2.5 लाख का हुआ डिजिटलीकरण

Next

सांसद खेल उत्सव 2025 के तहत 40 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने कराया रजिस्ट्रेशन