केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने ग्रामीण स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र, नजफगढ़ और आयुष्मान आरोग्य मंदिर, पालम का दौरा किया
आरएस अनेजा, 03 मार्च नई दिल्ली
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने आज ग्रामीण स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र (आरएचटीसी), नजफगढ़ और आयुष्मान आरोग्य मंदिर, पालम का दौरा किया। इस अवसर पर दक्षिण दिल्ली से सांसद (लोकसभा) रामवीर सिंह बिधूड़ी और पश्चिमी दिल्ली से सांसद (लोकसभा) कमलजीत सहरावत भी मौजूद थीं।
नड्डा ने दोनों स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों और चिकित्सा स्टाफ से बातचीत की। उन्होंने "एक पेड़ माँ के नाम" पहल के तहत दोनों परिसरों में एक पौधा भी लगाया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने आरएचटीसी की प्रगति रिपोर्ट की भी समीक्षा की और नजफगढ़, उजवा और पालम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र-पीएचसी को केंद्र सरकार के अधीन बनाए रखने को मंजूरी दी और 3 माह की एनक्यूएएस और आईपीएचएस प्रमाणन और 6 माह में आरएचटीसी अस्पताल को पूरी तरह शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कौशल विकास पर जोर देते हुए एकीकृत प्राथमिक, माध्यमिक, आयुष और प्रशिक्षण सेवाओं के लिए एक मॉडल के रूप में आरएचटीसी की भूमिका का उल्लेख किया और संस्थान की स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ाने में केंद्र सरकार के समर्थन का आश्वासन दिया।