03/03/25

एशिया और प्रशांत क्षेत्र में 12वें क्षेत्रीय 3आर और सर्कुलर इकोनॉमी फोरम की जयपुर में शुरूआत

आरएस अनेजा, 03 मार्च नई दिल्ली

एशिया और प्रशांत क्षेत्र में 12वें क्षेत्रीय 3आर और सर्कुलर इकोनॉमी फोरम का आज जयपुर में उद्घाटन किया गया।

केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल, राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने उद्घाटन सत्र में भाग लिया। सोलोमन द्वीप के मंत्री ट्रेवर हेडली मानेमहागा, तुवालु के मंत्री मैना वकाफुआ तालिया, मालदीव के जलवायु परिवर्तन उप मंत्री अहमद निजाम भी इस सत्र में शामिल हुए। जापान सरकार के पर्यावरण मंत्री असाओ केइचिरो वर्चुअल संदेश के माध्यम से इस सत्र में शामिल हुए।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस अवसर पर फोरम के प्रतिनिधियों के साथ एक विशेष लिखित संदेश साझा किया, जिसमें उन्होंने इस बात पर बल दिया गया कि भारत पी-3 (प्रो प्लैनेट पीपुल) दृष्टिकोण का पालन करता है और इसकी पुरजोर वकालत करता है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि भारत सर्कुलर इकोनॉमी की ओर अपनी यात्रा में अपने अनुभवों और ज्ञान को साझा करने के लिए हमेशा तत्पर रहा है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संदेश में स्थाई शहरी विकास और संसाधन दक्षता सुनिश्चित करने में 3आर और सर्कुलर इकोनॉमी सिद्धांतों की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने मिशन लाइफ (पर्यावरण के लिए जीवनशैली) और सीओपी 26 में घोषित पंचामृत लक्ष्यों सहित वैश्विक स्थिरता प्रयासों में भारत के नेतृत्व का उल्लेख किया, जिससे भविष्य को बेहतर बनाने की भारत की प्रतिबद्धता को बल मिला।

इस कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए, केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल ने गणमान्य व्यक्तियों, उद्योग जगत के नेताओं और अंतर्राष्ट्रीय प्रतिनिधियों का स्वागत किया। उन्होंने इंदौर में 8वें फोरम के सफल आयोजन के बाद, भारत द्वारा फोरम के 12वें संस्करण की मेजबानी किए जाने पर गर्व व्यक्त किया। मंत्री ने जयपुर को इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए एक आदर्श स्थल बताया, क्योंकि यहां वर्षा जल संचयन और पुनर्चक्रित सामग्रियों से बने हस्तशिल्प जैसी स्थिरता की गहरी परंपराएं हैं। उन्होंने राजस्थान के माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा को राज्य के विकास में स्थिरता को प्रमुख स्तंभ बनाने में उनके नेतृत्व के लिए धन्यवाद दिया।

Previous

किसान टोल-फ्री नंबर पर फसल नुकसान की सूचना दे सकते हैं: कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा

Next

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने ग्रामीण स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र, नजफगढ़ और आयुष्मान आरोग्य मंदिर, पालम का दौरा किया