अंबाला के शहजादपुर में ट्रिपल मर्डर से सनसनी: मिट्टी खनन के विवाद में नीट की तैयारी कर रहे पोते ने दादी, भाई और चाचा को मारी गोली
अंबाला, 24 मई (अन्नू): अंबाला जिले के शहजादपुर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बिचपड़ी गांव में शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां मिट्टी खनन के ठेके में हिस्सेदारी के विवाद को लेकर एक युवक ने अपने ही परिवार पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस खूनी खेल में आरोपी ने अपनी 95 वर्षीय बुजुर्ग दादी इसरो देवी, सगे बड़े भाई संदीप और सगे चाचा महेंदर की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। वहीं बीच-बचाव करने आई उसकी चाची भी गोलियां लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई हैं, जिनका चंडीगढ़ पीजीआई (PGI) में इलाज चल रहा है।
विवाद बढ़ने पर पिस्तौल निकालकर सगे खून पर ही बरसाईं गोलियां
शहजादपुर थाना प्रभारी मामचंद के अनुसार, बिचपड़ी गांव में परिवार की दो किला जमीन से मिट्टी निकालने का ठेका चल रहा था। इसी ठेके के पैसों और हिस्सेदारी को लेकर परिवार के भीतर पिछले कुछ समय से तनाव चल रहा था। शनिवार शाम करीब 4:30 बजे इसी बात को लेकर घर में एक बार फिर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी अभिषेक तैश में आ गया और उसने अपने पास मौजूद पिस्तौल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। उसने सबसे पहले अपनी 95 साल की दादी इसरो देवी पर गोली चलाई, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद उसने बीच-बचाव करने आए भाई, चाचा और चाची को भी गोलियों से भून डाला।
नीट की तैयारी कर रहा था आरोपी, पिता बोले- बड़े से परेशान थे पर छोटा यह कर देगा उम्मीद नहीं थी
इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम देने वाला आरोपी अभिषेक मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) की तैयारी कर रहा था। ग्रामीणों और परिजनों के मुताबिक, घर में उसका स्वभाव बेहद शांत और ठीक था, जिससे कभी किसी को कोई परेशानी नहीं हुई थी। वारदात के बाद घटनास्थल पर मौजूद आरोपी के पिता ने बिलखते हुए बताया कि उनका बड़ा बेटा संदीप आए दिन घर में लड़ाई-झगड़ा करके सभी को परेशान करता था, लेकिन उन्हें सपने में भी उम्मीद नहीं थी कि शांत रहने वाला छोटा बेटा अभिषेक अपने ही हाथों से इतना बड़ा पाप कर देगा और पूरे परिवार को खत्म कर देगा।
आरोपी अभिषेक अभी भी फरार, पुलिस ने धरपकड़ के लिए बनाई टीमें
वारदात के तुरंत बाद ग्रामीणों की मदद से तीनों गंभीर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान बड़े भाई संदीप और चाचा महेंदर ने भी दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी मामचंद ने बताया कि सीन ऑफ क्राइम की टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं और मुख्य आरोपी अभिषेक के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमों का गठन कर छापेमारी की जा रही है।
#AmbalaTripleMurder #ShehzadpurCrime #AmbalaNews #FamilyDispute #CrimeNewsHaryana #ShehzadpurPolice #TragicIncident #PGIChandigarh #AmbalaCrime #DanikKhabar
Previous
आज का राशिफल — 24 मई 2026 (रविवार)
Next