पंचकूला के मंदिर में 'माफी' मांगकर चोरी: कैमरे के सामने हाथ जोड़े-कान पकड़े, फिर दानपात्र से 7 हजार उड़ा ले गया शातिर चोर
पंचकूला, 5 अप्रैल (अन्नू): पंचकूला के रामगढ़ स्थित एक शिव मंदिर में आस्था के नाम पर चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक शातिर चोर ने मंदिर के दानपात्र से लगभग 7 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की यह पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें चोर चोरी करने से पहले भगवान के सामने माफी मांगते हुए नजर आ रहा है। चंडी मंदिर थाना पुलिस ने मंदिर कमेटी की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
कैमरा देखते ही हाथ जोड़े और कान पकड़े, फिर काट दिए तार
मंदिर कमेटी के सदस्य कृष्ण के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में एक युवक दानपात्र की ओर बढ़ता दिखाई देता है। जैसे ही उसकी नजर ऊपर लगे कैमरे पर पड़ती है, वह तुरंत सतर्क हो जाता है और बड़े ही नाटकीय अंदाज में हाथ जोड़कर खड़े होकर कान पकड़ने लगता है, मानो अपनी गलती के लिए भगवान से माफी मांग रहा हो। कुछ देर तक पूजा का नाटक करने के बाद वह बाहर गया और सबसे पहले कैमरे के तार काट दिए, ताकि उसकी आगे की हरकत रिकॉर्ड न हो सके।
अक्टूबर 2025 में भी हो चुकी है चोरी, दानपात्र ही उठा ले गए थे बदमाश
हैरानी की बात यह है कि इस मंदिर में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। मंदिर कमेटी ने बताया कि अक्टूबर 2025 में भी दो बदमाशों ने इसी मंदिर को निशाना बनाया था और पूरा दानपात्र ही उठाकर ले गए थे। उस समय भी चोरों ने वारदात से पहले इसी तरह मंदिर में मत्था टेकने का ढोंग किया था। बार-बार हो रही इन घटनाओं से स्थानीय ग्रामीणों और मंदिर कमेटी में भारी रोष है।
चंडी मंदिर पुलिस ने दर्ज किया केस, सीसीटीवी के आधार पर चोर की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही चंडी मंदिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर का मुआयना किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपी युवक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोर ने जिस तरह से पहले रेकी की और फिर कैमरे के तार काटे, उससे लगता है कि वह पहले भी इस तरह की वारदातों में शामिल रहा है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
#PanchkulaNews #TempleTheft #CCTVFootage #HaryanaCrime #ChandimandirPolice #ViralVideo #PanchkulaAlert #SpiritualTheft #HaryanaNews #RamgarhNews #DanikKhabar
Previous
फरीदाबाद में देवरानी की हैवानियत: सगी बहनों को पेट्रोल डालकर जलाया, छोटी बहन की मौत—बाइक से तेल चुराकर रची थी साजिश
Next