हरियाणा में चिकित्सा इन्फ्रास्ट्रक्चर को लगातार कर रहे हैं सुदृढ़ : स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव
चंडीगढ़, 07 फरवरी (अभी) : स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव ने शुक्रवार को नई दिल्ली में नीति आयोग की समीक्षा बैठक में अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि हरियाणा में चिकित्सा इन्फ्रास्ट्रक्चर को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है। राज्य सरकार अपने लोगों को उनके घर के नजदीक स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ करवाने का हर संभव प्रयास कर रही है। । स्वास्थ्य मंत्री ने इस अवसर पर हरियाणा में स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने के लिए नीति आयोग से कोई विशेष योजना बनाने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने देश को मेडिकल हब बनाने का विजन रखा है। उनके इस विजन को साकार करने के लिए हरियाणा सरकार भी राज्य में लगातार चिकित्सा इन्फ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज स्थापित कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार का लक्ष्य "सर्वे भवन्तु सुखिनः सर्वे सन्तु निरामयाः" का है । हरियाणा सरकार हेल्दी इंडिया बनाने की दिशा में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किए गए 'फिट इंडिया मूवमेंट' को सफल बनाने के लिए संकल्पबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने किडनी रोगियों को सभी सरकारी अस्पतालों एवं मेडिकल कॉलेजों में मुफ्त डायलिसिस की सेवाएं गत 18 अक्टूबर 2024 से शुरू कर दी है। इसके अलावा, 70 साल से अधिक आयु के बुजुर्गों के लिए 'आयुष्मान भारत योजना' के तहत 10 लाख रुपये सालाना की मुफ्त इलाज सुविधा शुरू की है। उन्होंने नीति आयोग में हरियाणा का मजबूती से पक्ष रखा और राज्य के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने किये केंद्र से आर्थिक सहयोग की अपेक्षा जताई।