फरीदाबाद में देवरानी की हैवानियत: सगी बहनों को पेट्रोल डालकर जलाया, छोटी बहन की मौत—बाइक से तेल चुराकर रची थी साजिश
फरीदाबाद, 5 अप्रैल (अन्नू): फरीदाबाद की डबुआ कॉलोनी में दो सगी बहनों को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने के मामले में रोंगटे खड़े कर देने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी देवरानी पिंकी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के लिए कई दिनों तक अपने पति की बाइक से बूंद-बूंद पेट्रोल चुराकर जमा किया था। रविवार सुबह इस हमले में 90 प्रतिशत तक झुलसी छोटी बहन सीमा की जयपुर के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि बड़ी बहन मीना की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।
मदद के बहाने घर आई और बातचीत के दौरान लगा दी आग
घटना 3 अप्रैल की शाम की है, जब डबुआ कॉलोनी में रहने वाली दो सगी बहनें मीना और सीमा छत पर बातचीत कर रही थीं। आरोपी देवरानी पिंकी एक बैग लेकर उनके घर पहुंची। दोनों बहनों ने मानवता दिखाते हुए उसके लिए चाय और खाना भी बनाया, लेकिन पिंकी के मन में गहरी रंजिश पल रही थी। शाम करीब 5 बजे जैसे ही उसे मौका मिला, उसने बाल्टी में भरा पेट्रोल दोनों बहनों पर फेंक दिया और माचिस से आग लगा दी। शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने किसी तरह आग बुझाई और उन्हें अस्पताल पहुँचाया।
दोनों बहनों का आपसी प्रेम खटकता था आरोपी देवरानी को
पुलिस जांच और परिजनों के बयानों के अनुसार, मीना और सीमा सगी बहनें थीं और एक ही परिवार में दो भाइयों (देवेंद्र और देवेश) से ब्याही गई थीं। दोनों बहनें आपस में बहुत मिल-जुलकर रहती थीं, लेकिन सबसे छोटे देवर की पत्नी पिंकी को उनका यह प्रेम पसंद नहीं था। इसी ईर्ष्या और रंजिश के चलते वह अक्सर उनसे झगड़ा करती थी और अंततः उसने दोनों को जान से मारने की साजिश रच डाली।
आरोपी पिंकी गिरफ्तार, 2 दिन की पुलिस रिमांड पर
फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि आरोपी पिंकी को गिरफ्तार कर लिया गया है और अदालत ने उसे दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि उसने कितने दिनों तक और किस तरह पेट्रोल इकट्ठा किया। वहीं, सीमा की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है और परिजनों ने आरोपी महिला के लिए सख्त से सख्त सजा की मांग की है।
#FaridabadNews #CrimeUpdate #DabuaColony #FamilyDispute #HaryanaCrime #JusticeForSeema #ShockingNews #PoliceAction #FaridabadPolice #BreakingNews
Previous
भारत के खिलाफ पाकिस्तान भविष्य में कोई गलत हिमाकत करेगा तो हिंदुस्तान इनको तहस-नस कर देगा : ऊर्जा मंत्री अनिल विज
Next