रक्षा मंत्री ने नई दिल्ली में आईसीजी कमांडरों के सम्मेलन को संबोधित किया; भविष्य की रूपरेखा, प्रौद्योगिकीय सतर्कता और समुद्री सुरक्षा को स्वदेशी रूप से सुदृढ़ करने की अपील की
आरएस अनेजा, 29 सितम्बर नई दिल्ली - रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 29 सितंबर, 2025 को नई दिल्ली स्थित आईसीजी मुख्यालय में 42वें भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) कमांडरों के सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया। उन्होंने बल की व्यावसायिकता और मानवीय सेवा की सराहना की और भारत के 7,500 किलोमीटर लंबे समुद्र तट और द्वीपीय क्षेत्रों की सुरक्षा में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रेखांकित की। 28 से 30 सितंबर, 2025 तक आयोजित होने वाला यह तीन दिवसीय सम्मेलन, उभरती समुद्री सुरक्षा चुनौतियों और हिंद महासागर क्षेत्र के बढ़ते सामरिक महत्व की पृष्ठभूमि में, सामरिक, प्रचालनगत और प्रशासनिक प्राथमिकताओं पर विचार-विमर्श करने के लिए सेना के वरिष्ठ नेतृत्व को एकत्रित करता है।
रक्षा मंत्री ने आईसीजी को राष्ट्रीय सुरक्षा का एक महत्वपूर्ण स्तंभ बताया, जिसने अपनी शुरुआत में एक मामूली बेड़े से खुद को 152 जहाजों और 78 विमानों के साथ एक दुर्जेय बल में बदल लिया है। रक्षा मंत्री ने कहा कि आईसीजी ने लगातार नागरिकों का विश्वास अर्जित किया है और साथ ही अपनी व्यावसायिकता और मानवीय सेवा के लिए वैश्विक मान्यता भी अर्जित की है।