रील का जानलेवा शौक: यूपी के सिद्धार्थनगर में 60 फीट ऊंची टंकी पर फंसे बच्चों का एयरफोर्स ने किया रेस्क्यू

उत्तर प्रदेश, 03 मई (अन्‍नू): उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में रील बनाने के चक्कर में पानी की टंकी पर फंसे दो किशोरों को करीब 16 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित निकाल लिया गया है। रविवार सुबह भारतीय वायुसेना के MI-17 हेलिकॉप्टर ने मौके पर पहुंचकर एक साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और दोनों बच्चों को टंकी की ऊंचाई से एयरलिफ्ट किया। रेस्क्यू के तुरंत बाद उन्हें उपचार के लिए गोरखपुर स्थित एयरफोर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह पूरा घटनाक्रम किसी फिल्म से कम नहीं था, जहां रात भर प्रशासन और ग्रामीण सांसें थामे खड़े रहे।



रील बनाने के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा


हादसे की शुरुआत शनिवार दोपहर करीब 3 बजे हुई, जब काशीराम आवास कॉलोनी के पांच बच्चे पास ही स्थित एक पुरानी और जर्जर पानी की टंकी पर रील बनाने के लिए चढ़ गए। जब बच्चे नीचे उतरने लगे, तो अचानक टंकी की पुरानी सीढ़ियां टूटकर गिर गईं। इस दौरान तीन बच्चे—शनि, बाले, और गोलू सीधे नीचे आ गिरे। मलबे के नीचे दबने से 12 वर्षीय बाले की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बाकी के दो बच्चे, कल्लू और पवन, अपनी जान बचाने के लिए लोहे की रॉड पकड़कर लटक गए और फिर धीरे-धीरे दोबारा टंकी के ऊपरी हिस्से पर चढ़ गए।



दलदल और बारिश ने डाली रेस्क्यू में बाधा


प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती टंकी के चारों ओर फैला पानी और दलदल था। भारी-भरकम हाइड्रॉलिक क्रेन दलदल की वजह से टंकी तक नहीं पहुंच पा रही थी। क्रेन को अंदर ले जाने के लिए प्रशासन ने युद्धस्तर पर 150 मीटर लंबी सड़क बनाने का काम शुरू किया। देर रात तक काम जारी रहा, लेकिन करीब 3 बजे तेज बारिश ने पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया और बचाव कार्य रोकना पड़ा। हालात बिगड़ते देख डीएम और एसएसपी ने तुरंत सेना से मदद की गुहार लगाई, जिसके बाद तड़के वायुसेना का हेलिकॉप्टर मौके पर पहुंचा।



26 साल पुरानी जर्जर टंकी बनी मौत का जाल


स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस टंकी पर यह हादसा हुआ, वह पिछले 26 वर्षों से बंद और जर्जर हालत में थी। प्रशासन ने इसे अनुपयोगी घोषित कर रखा था, लेकिन विडंबना यह है कि वहां न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगा था और न ही बच्चों को ऊपर चढ़ने से रोकने के लिए कोई सुरक्षा घेरा बनाया गया था। शनिवार को जब बच्चे टंकी पर फंसे थे, तो रस्सी के जरिए उन तक खाना और पानी पहुंचाया गया ताकि वे हिम्मत न हारें। फिलहाल, पूरे इलाके में इस घटना को लेकर दुख और नाराजगी का माहौल है।


#SiddharthnagarNews #AirForceRescue #ReelDanger #UPNews #RescueOperation #MI17 #SafetyFirst #TragicIncident #DanikKhabar #DanikKhabarUttarPradesh #TrendingNews

Previous

चंडीगढ़ में भारी बारिश और आंधी के कारण विमान सेवाएं प्रभावित, हैदराबाद की एयर इंडिया फ्लाइट ने एक घंटा देरी से भरी उड़ान

Next

शिक्षक संघ ने शिक्षा मंत्री को दिया न्योता: कुरुक्षेत्र में होगा शिक्षा के नए भविष्य पर मंथन