कुरुक्षेत्र में नहर से मिला अंबाला के लापता किशोर का शव; इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम, पिता ने दोस्तों पर लगाया हत्या का आरोप
कुरुक्षेत्र, 18 जुलाई (अन्नू): कुरुक्षेत्र जिले के दबखेड़ी गांव के पास नरवाना ब्रांच (भाखड़ा) नहर से एक 17 वर्षीय किशोर का शव बरामद होने से हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान अंबाला जिले के गांव नई निहारसी निवासी अभीजोत के रूप में हुई है, जो बीते 15 जुलाई की दोपहर से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता था। अभीजोत अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और 10वीं की पढ़ाई छोड़ने के बाद अपने पिता के साथ मजदूरी का काम करता था। करीब 6 महीने पहले ही उसकी बड़ी बहन की शादी हुई थी। इकलौते चिराग की मौत के बाद से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
15 जुलाई की दोपहर दोस्तों के साथ निकला था घर से
मृतक के पिता निर्मल सिंह के अनुसार, अभीजोत 15 जुलाई की दोपहर करीब 2 बजे अपनी बाइक (नंबर: HR-01AW-0658) पर सवार होकर घर से निकला था। उस समय उसने ब्लैक टी-शर्ट और कैपरी पहनी हुई थी। दोपहर करीब साढ़े 3 बजे अभीजोत की उसके पिता से मोबाइल पर आखिरी बार बात हुई थी, जिसके बाद से ही उसका फोन लगातार बंद आ रहा था। जब वह रात तक घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
जंगल में लावारिस मिली बाइक, नन्यौला चौकी में दर्ज कराई थी गुमशुदगी
तलाश के दौरान परिजनों को अभीजोत की बाइक जनसूई हेड नहर से करीब 7 किलोमीटर दूर जंगल में लावारिस हालत में खड़ी मिली। बाइक मिलने के बाद अनहोनी की आशंका के चलते पिता निर्मल सिंह ने अगले दिन अंबाला के नग्गल थाना के अंतर्गत आती नन्यौला पुलिस चौकी में बेटे की गुमशुदगी की लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश तेज कर दी थी।
गोताखोर प्रगट सिंह ने नहर से निकाला शव
शनिवार सुबह कुरुक्षेत्र के दबखेड़ी गांव के पास नहर में एक शव बहते हुए देखे जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही प्रसिद्ध गोताखोर प्रगट सिंह तुरंत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद शव को नहर से बाहर निकाला। गोताखोर ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस और लापता किशोर के परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे पिता निर्मल सिंह ने शव के कपड़ों और हुलिए के आधार पर उसकी पहचान अपने बेटे अभीजोत के रूप में की। बेटे के शव को देखते ही पिता बिलख-बिलख कर रो पड़ा।
पिता का गंभीर आरोप: दोस्तों ने की है बेटे की हत्या
पीड़ित पिता निर्मल सिंह ने अभीजोत के दोस्तों पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता का कहना है कि 15 जुलाई को अभीजोत अपने कुछ दोस्तों के साथ जनसूई हेड पर गया था। उन्हें पूरा शक है कि या तो उनके बेटे के साथ वहां कोई बड़ा हादसा हुआ है या फिर उसके दोस्तों ने किसी बात को लेकर उसकी हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को नहर में फेंक दिया। पिता ने पुलिस से सभी दोस्तों को शामिल-तफ्तीश कर मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है।
हर पहलू से जांच कर रही है पुलिस
सूचना पाकर कुरुक्षेत्र पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती तौर पर मौत के असली कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होगी। इस घटना के संबंध में अंबाला पुलिस को भी सूचित कर दिया गया है। पुलिस परिजनों के बयानों और संदिग्ध दोस्तों की कॉल डिटेल के आधार पर मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है।
#KurukshetraNews #AmbalaNews #MissingBoyDead #NarwanaBranch #NagalThana #HaryanaPolice #CrimeUpdate #BreakingNews #DanikKhabar
Previous
जींद: मां की बरसी के दिन रेत-बजरी कारोबारी की दिनदहाड़े ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या, पुरानी रंजिश का शक
Next