फतेहाबाद: शराब ठेकों पर लूट का पर्दाफाश; ₹5,000 का इनामी व हत्या का आरोपी सिकंदर समेत 3 काबू, हथियार बरामद
फतेहाबाद, 12 जुलाई (अन्नू): "अपराध मुक्त फतेहाबाद अभियान" के तहत जिला पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक (SP) निकिता खट्टर (IPS) के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए सीआईए टोहाना, थाना जाखल और थाना सदर टोहाना की संयुक्त टीम ने रुपावाली और खासवा गांव के शराब ठेकों पर हुई सनसनीखेज लूट की वारदातों का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने वारदात में शामिल तीन शातिर बदमाशों को अवैध हथियारों, गंडासी और मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में ₹5,000 का इनामी और हत्या के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा मुख्य आरोपी सिकंदर भी शामिल है।
एक ही रात में दो ठेकों पर की थी लूट
प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए एएसपी दिव्याशी सिंगला ने बताया कि 2 जुलाई 2026 की रात को इस गिरोह ने दो वारदातों को अंजाम दिया था:
रुपावाली शराब ठेका: बदमाशों ने सेल्समैन से मारपीट कर ₹14,000 नकद व शराब लूटी थी। इस संबंध में थाना सदर टोहाना में मामला दर्ज किया गया था।
खासवा शराब ठेका: तीन नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों के बल पर सेल्समैन से मारपीट कर करीब ₹30,000 लूटे थे। इस संबंध में थाना सदर रतिया में केस दर्ज था।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने दबोचे आरोपी
वारदातों के बाद एसपी के निर्देश पर गठित टीमों ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों की मदद से पंजाब सीमा से सटे जाखल क्षेत्र से आरोपियों को दबोचा:
सिकंदर की गिरफ्तारी: एसआई जग्गा सिंह के नेतृत्व में सीआईए टोहाना की टीम ने रत्ताथेह (जाखल) निवासी सिकंदर को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से एक अवैध 32 बोर पिस्टल बरामद हुई।
विजय उर्फ चांदी की गिरफ्तारी: एएसआई जयदेव सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जाखल के पास रेलवे पुल कड़ैल चौक पर नाकाबंदी के दौरान विजय उर्फ चांदी (निवासी कुलरिया, मानसा, पंजाब) को गिरफ्तार किया। इसके पास से 315 बोर का अवैध देसी कट्टा मिला।
जश्न सिंह उर्फ राठा गिरफ्तार: इन दोनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने लूट की वारदात में शामिल तीसरे आरोपी जश्न सिंह (निवासी कुलरिया, मानसा, पंजाब) को चांदपुरा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त गंडासी बरामद हुई।
₹5,000 का इनामी है मुख्य आरोपी सिकंदर
गिरफ्तार आरोपी सिकंदर एक आदतन अपराधी है। वह 11 अगस्त 2025 को थाना जाखल में दर्ज एक हत्या के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। इस मामले में उसके 8 साथी पहले ही पकड़े जा चुके थे, जबकि सिकंदर पर ₹5,000 का इनाम घोषित था। इसके अलावा उस पर पंजाब के मानसा और टोहाना में नशा तस्करी व अन्य धाराओं के तहत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। दूसरे आरोपी विजय उर्फ चांदी पर भी पंजाब के बरेटा थाने में आपराधिक केस दर्ज है।
रिमांड पर लेकर पूछताछ जारी
पुलिस ने आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और हथियार बरामद कर लिए हैं। आरोपी सिकंदर और विजय को कोर्ट में पेश कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि तीसरे आरोपी जश्न सिंह को आज न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस रिमांड के दौरान इनके पूरे नेटवर्क और अन्य वारदातों के बारे में गहनता से पूछताछ कर रही है।
#FatehabadPolice #FatehabadNews #CrimeNews #RobberySolved #HaryanaPolice #EncounterSpecials #MansaNews #DanikKhabar
Previous
पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की समाधि निर्माण को केंद्र की मंजूरी; राजघाट के राष्ट्रीय स्मृति स्थल पर बनेगा स्मारक
Next