फिलिपिंस के स्कूल में दर्दनाक गोलीबारी: छात्र ने साथी की हत्या कर खुद को भी उड़ाया, दो की मौत
आरएस अनेजा, 18 अगस्त नई दिल्ली - दक्षिणी फिलीपींस के जाम्बोआंगा शहर (Zamboanga City) में एक हाई स्कूल में गोलीबारी की दुखद घटना हुई है। आधिकारिक रिपोर्टों के अनुसार, इस घटना में दो लोगों की जान चली गई है और दो अन्य व्यक्ति घायल हुए हैं। यह घटना अटेनियो डी जाम्बोआंगा यूनिवर्सिटी (Ateneo de Zamboanga University) परिसर के भीतर स्थित एक माध्यमिक स्कूल में हुई।
पुलिस के मुताबिक, स्कूल में पढ़ने वाला छात्र बॉडी कैमरा पहनकर स्कूल पहुंचा और दो बंदूकें लेकर कैंपस में घुस गया। सबसे पहले उसने अपने टीचर पर गोली चलाई लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि टीचर को गोली लगी या नहीं। इसके बाद उसने अपने साथी छात्र को गोली मार दी। गोली लगते ही छात्र की मौके पर मौत हो गई। इसके बाद हमलावर छात्र ने खुद को भी गोली मार ली। यूनिवर्सिटी के प्रेसिडेंट एर्नाल्ड अंदल ने बताया कि अब गोलीबारी नहीं हो रही है और घटना में किसी अन्य के मौत या घायल होने की खबर नहीं है।
पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्कूल परिसर को सुरक्षित कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार, अब स्थिति नियंत्रण में है और वहां कोई सक्रिय खतरा नहीं है। स्थानीय मेयर और पुलिस विभाग ने पुष्टि की है कि मृतकों में हमले का संदिग्ध भी शामिल है। घायलों का उपचार किया जा रहा है और उनके परिवारों को सूचित कर दिया गया है। अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि सुरक्षा में चूक कैसे हुई और परिसर में हथियार कैसे पहुँचा।
फिलीपींस में हाल के समय में स्कूल सुरक्षा एक महत्वपूर्ण मुद्दा बनकर उभरा है। इससे पहले जून में टेक्लोबिन शहर (Tacloban City) के एक स्कूल में भी ऐसी ही एक दुखद घटना हुई थी, जिसके बाद से देश भर के शैक्षणिक संस्थानों में सुरक्षा ऑडिट और सख्त नियमों की मांग की जा रही है। सरकार अब स्कूलों में मानसिक स्वास्थ्य सहायता और सख्त प्रवेश जांच लागू करने पर विचार कर रही है।
Previous
हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की फरीदाबाद यूनिट की बड़ी कार्रवाई: 40 ग्राम हेरोइन के साथ 2 नशा तस्कर गिरफ्तार
Next