सिरसा: 2 कनाल जमीन के विवाद में खूनी संघर्ष, पूर्व सरपंच और उनके भतीजे की बेरहमी से हत्या
हरियाणा/सिरसा, 01, मार्च (अन्नू): हरियाणा के सिरसा जिले के कालांवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव खोखर में रविवार सुबह जमीन के मामूली विवाद ने भयानक रूप ले लिया। मात्र दो कनाल भूमि के सौदे को लेकर हुए इस झगड़े में पूर्व सरपंच जरमल सिंह (42) और उनके 22 वर्षीय भतीजे दिलजीत सिंह की हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, हमलावर हथियारों से लैस होकर पूर्व सरपंच के घर में दाखिल हुए और उन पर बरछे से ताबड़तोड़ वार किए। इस हिंसक हमले में परिवार के कुछ अन्य सदस्य भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद उच्च केंद्र रेफर किया गया है।
वारदात की जड़ में महज दो कनाल जमीन का सौदा बताया जा रहा है। परिजनों के मुताबिक, परिवार के ही एक सदस्य ने जमीन बेचने के लिए कुछ राशि एडवांस ली थी, लेकिन बाद में मन बदलने पर पैसे वापस कर दिए और सौदा रद्द कर दिया। खरीदार पक्ष को शक था कि पूर्व सरपंच जरमल सिंह ने ही इस सौदे को रुकवाया है। इसी रंजिश के चलते दूसरे पक्ष के आधा दर्जन से अधिक लोगों ने घर में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया। हमले के बाद घटनास्थल पर चारों ओर खून बिखर गया और आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, सीआईए और डीएसपी संदीप धनखड़ की टीम ने मौके का मुआयना किया। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए हैं। पुलिस के अनुसार, मृतकों के शरीर पर नुकीले हथियारों के गहरे निशान मिले हैं। फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया गया है और पुलिस हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। गांव में इस दोहरे हत्याकांड के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
#SirsaNews #HaryanaCrime #DoubleMurder #LandDispute #Kalanwali #PanchayatNews #CrimeUpdate #HaryanaPolice