26/05/25

चुनावी प्रणाली की दक्षता, पारदर्शिता और समावेशिता को बढ़ाने की दिशा में काम कर रहा निर्वाचन आयोग

चंडीगढ़, 26 मई (अभी): हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री पंकज अग्रवाल ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग ने चुनावी प्रणाली की दक्षता, पारदर्शिता और समावेशिता को बढ़ाने के उद्देश्य से राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के 36 मुख्य निर्वाचन अधिकारियों, राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों, कानूनविदों के साथ नई दिल्ली में सीधा संवाद करके कई परिवर्तनकारी पहलें की हैं। आयोग की इस पहल का सभी धारकों ने स्वागत किया है।

 

श्री अग्रवाल ने बताया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू तथा डॉ. विवेक जोशी के साथ इस राष्ट्रीय सम्मेलन का IIIDM नई दिल्ली में उद्घाटन किया। इसमें सर्वोच्च न्यायालय तथा देश के 28 उच्च न्यायालयों के वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने भी भाग लिया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य आयोग के लीगल फ्रेम वर्क को सुदृढ़ करना तथा आने वाली चुनौतियों को प्रभावी तरीके से हल करना है।

 

उन्होंने बताया कि एक दिवसीय सम्मेलन ने आयोग और देश भर के प्रमुख कानून विशेषज्ञों के बीच संवाद और विचारों का आदान-प्रदान के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्राप्त हुआ। यह रणनीतिक भागीदारी भारत में चुनावी न्यायशास्त्र के गतिशील परिदृश्य के साथ अपने कानूनी संसाधनों को संरेखित करने में चुनाव आयोग द्वारा उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है।

 

चुनाव आयोग ने 2025 में एक एकीकृत डैशबोर्ड, ECINET को डिजाइन और विकसित करने के लिए एक नई पहल की शुरुआत की है, ताकि सभी हितधारकों द्वारा अपेक्षित कानूनी प्रावधानों के दायरे में सभी प्रासंगिक डेटा तक एकल-खिड़की पहुंच प्रदान की जा सके। यह अनूठी पहल चुनाव आयोग की सभी आईसीटी पहलों को एक ही छत के नीचे एकीकृत करेगी।

 

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आयोग ने असम तथा तमिलनाडु की आठ सीटों के लिए राज्यसभा के लिए द्वि-वार्षिक चुनाव का कार्यक्रम घोषित किया है। इसके लिए 2 जून को अधिसूचना जारी की जाएगी। नामांकन पत्र 9 जून, 2025 तक जमा करवाए जा सकते हैं तथा 10 जून को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी। उन्होंने बताया कि 12 जून तक उम्मीदवार नामांकन वापिस ले सकते हैं। 19 जून को मतदान प्रातः 9 बजे से सायं 4 बजे तक होगा। उसी दिन साढ़े 5 बजे मतों की गणना की जाएगी और मतदान प्रक्रिया 23 जून, 2025 तक पूरी की जाएगी।

Previous

शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने किया नीलोखेड़ी गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक का किया निरीक्षण

Next

विकास परियोजनाओं के लिए पैसे की नहीं रहेगी कमी: अधिकारिता, अंत्योदय मंत्री कृष्ण कुमार बेदी