01/03/26

पंचकूला: चंडी मंदिर टोल के पास बजरी से भरे ट्रक के टायरों में लगी भीषण आग, सेना और दमकल विभाग ने पाया काबू

हरियाणा/पंचकूला, 01, मार्च (अन्‍नू ): पंचकूला के चंडी मंदिर टोल प्लाजा के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब बजरी से लदे एक ट्रक के टायरों में अचानक भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि ट्रक पंचकूला शहर की ओर जा रहा था, तभी अत्यधिक भार के कारण घर्षण से टायर गर्म हो गए और उन्होंने आग पकड़ ली। आग इतनी जबरदस्त थी कि देखते ही देखते धुएं का काला गुबार आसमान में छा गया, जिसे कई किलोमीटर दूर से साफ देखा जा सकता था।



हादसे की सूचना मिलते ही पास में तैनात भारतीय सेना की फायर फाइटिंग टीम तुरंत हरकत में आई और बचाव कार्य शुरू किया। कुछ ही देर में पिंजौर से दमकल विभाग की गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गईं। राहत की बात यह रही कि जैसे ही टायरों से लपटें निकलनी शुरू हुईं, चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए टोल प्लाजा की एम्बुलेंस भी मौके पर तैनात रही।



घटना के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला। दमकल की गाड़ियों को बिना किसी बाधा के घटनास्थल तक पहुंचाने के लिए ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया। चंडी मंदिर थाना के एएसआई योगध्यान ने स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि हालांकि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है, लेकिन अत्यधिक गर्मी के कारण ट्रक के ब्रेक पूरी तरह जाम हो चुके हैं, जिससे फिलहाल वाहन को सड़क से हटाना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।


#PanchkulaNews #TruckFire #ChandiMandir #FireAccident #HaryanaPolice #IndianArmy #BreakingNews

Previous

सिरसा: 2 कनाल जमीन के विवाद में खूनी संघर्ष, पूर्व सरपंच और उनके भतीजे की बेरहमी से हत्या

Next

अम्बाला छावनी: श्री यादव सभा द्वारा आज आयोजित होगा भव्य होली मिलन समारोह