02/09/26

SGST संग्रह में देश भर में हरियाणा अव्वल: चालू वित्त वर्ष में 29% की रिकॉर्ड वृद्धि, अगस्त में जुटाया 4,982 करोड़ का राजस्व

हरियाणा , 02 सितंबर (अभिकान्त) : हरियाणा ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 के पहले पांच महीनों में राज्य जीएसटी (एसजीएसटी) संग्रह में 29 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है, जो देश के सभी राज्यों में सर्वाधिक है। इस अवधि में प्रदेश का एसजीएसटी संग्रह 24,662 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह 19,174 करोड़ रुपये था। राज्य की यह वृद्धि राष्ट्रीय औसत वृद्धि दर 16 प्रतिशत से लगभग दोगुनी है।

एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि अगस्त 2026 में भी हरियाणा ने एसजीएसटी संग्रह में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है। इस माह राज्य को एसजीएसटी (समायोजन के बाद) से 4,982 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जबकि पिछले वर्ष अगस्त माह में यह संग्रह 4,119 करोड़ रुपये था। इस प्रकार अगस्त 2026 में एसजीएसटी संग्रह में 21 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जो राष्ट्रीय औसत वृद्धि दर 13 प्रतिशत से अधिक है।

 प्रवक्ता ने बताया कि हरियाणा में वर्तमान में कुल 6.63 लाख जीएसटी करदाता हैं। यह संख्या देश के कुल जीएसटी करदाताओं की 4 प्रतिशत से भी कम है। इसके बावजूद देश के कुल जीएसटी संग्रह (एसजीएसटी+सीजीएसटी+आईजीएसटी) में हरियाणा का योगदान लगभग 7.7 प्रतिशत है।

प्रवक्ता ने बताया कि प्रदेश में वैट/सीएसटी संग्रह में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वित्त वर्ष 2026-27 के पहले पांच महीनों में वैट/सीएसटी से 5,768 करोड़ रुपये का संग्रह हुआ है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 5,067 करोड़ रुपये था। इस प्रकार वैट/सीएसटी संग्रह में 13.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

#gst #haryana #danikkhabar #update #haryana news #breakingnews #haryanagoverment

Previous

भारत-नेपाल टेक साझेदारी: भाषिनी और काठमांडू यूनिवर्सिटी का लैंग्वेज AI से नेपाल की भाषाओं को सशक्त बनाने का नया कदम

Next

Dial4Trade पर ₹10 लाख का जुर्माना: ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर अमोनियम नाइट्रेट की अवैध ऑनलाइन बिक्री पर CCPA की बड़ी कार्रवाई