गुरदासपुर, 12 जुलाई (अन्नू): गुरदासपुर जिले के बटाला स्थित गांव सीरा में बीती रात एक मामूली विवाद ने बेहद खौफनाक और खूनी रूप अख्तियार कर लिया, जिससे पूरा इलाका दहल उठा है। महज सरकारी बिजली के मीटर से छेड़छाड़ करने से रोकने पर एक पड़ोसी ने युवक के जिस्म को गोलियों से छलनी कर दिया। इस अंधाधुंध फायरिंग में 6 गोलियां लगने से गंभीर रूप से घायल हुए युवक मनपिंदर सिंह उर्फ मन्ना की अमृतसर के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पति और उसकी सरकारी टीचर पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
लाइसेंसी रिवॉल्वर से बरसाईं 6 गोलियां:
मिली जानकारी के अनुसार, यह वारदात शुक्रवार देर रात की है। मृतक मनपिंदर सिंह मन्ना के भाई हरआनंद ने बताया कि पड़ोस में रहने वाला आरोपी गगनदीप उर्फ गगन सरकारी बिजली के मीटर के साथ छेड़छाड़ कर रहा था। ट्यूशन से अपने दोनों बच्चों को छोड़कर घर लौट रहे मनपिंदर ने जब उसे ऐसा करने से रोका और कानूनी कार्रवाई की बात कही, तो गगनदीप आगबबूला हो गया। दोनों के बीच तीखी बहस होने लगी। इसी दौरान गगनदीप की पत्नी जसबीर कौर (जो सरकारी स्कूल चट्ठा में टीजीटी शिक्षिका है) घर के अंदर से अलमारी में रखी गगनदीप की लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाल लाई और अपने पति के हाथ में थमा दी। रिवॉल्वर हाथ में आते ही गगनदीप ने मनपिंदर पर एक के बाद एक 6 राउंड फायर झोंक दिए।
अमृतसर के अस्पताल में तोड़ा दम:
डीएसपी फतेहगढ़ चूड़ियां ललित कुमार ने बताया कि सभी 6 गोलियां मनपिंदर की छाती और पेट के बीच बेहद करीब से मारी गईं। लहू-लुहान हालत में मनपिंदर को पहले बटाला और फिर गंभीर हालत के चलते अमृतसर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बच्चों को छोड़ गया है।
2 महीने पुरानी रंजिश का मामला:
परिजनों के मुताबिक, करीब 2 महीने पहले भी आरोपी गगनदीप ने बिजली मीटर से छेड़छाड़ की थी, जिससे उनके घर की बिजली दो दिन गुल रही थी। तब भी मनपिंदर ने उसे समझाया था, जिसे लेकर गगनदीप मन में रंजिश पाले बैठा था और शुक्रवार को मौका मिलते ही उसने इस वारदात को अंजाम दे डाला।
हथियार सहित दोनों आरोपी सलाखों के पीछे:
पुलिस ने मृतक के भाई हरआनंद सिंह की शिकायत पर तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी गगनदीप सिंह और उसकी पत्नी जसबीर कौर को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी रिवॉल्वर को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस शव का पोस्टमार्टम करवाकर मामले की हर एंगल से गहनता से जांच कर रही है।
#BatalaNews #GurdaspurCrime #PunjabCrime #MurderCase #PunjabPolice #CrimeNews #DainikKhabar
Previous
चंडीगढ़ : पीजीआई का मेक इन इंडिया कैथेटर : अब मीटर बताएगा आंत कितनी बीमार, मरीजो के लिए जगी नई उमीद।
Next