28/04/26

सिरसा में सनसनी: हांडीखेड़ा गांव में महिला की आंखों में मिर्च झोंककर की लूट, कानों की बालियां छीनी

सिरसा, 28 अप्रैल (अन्‍नू): सिरसा जिले के हांडीखेड़ा गांव में सोमवार दोपहर को लूटपाट की एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है। तीन नकाबपोश युवकों ने घर में अकेली महिला को निशाना बनाते हुए उसकी आंखों में लाल मिर्च डाल दी और चाकू की नोक पर सोने की बालियां छीनकर फरार हो गए। इस पूरी घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।



पानी पीने के बहाने घर में घुसे बदमाश


पीड़िता केला देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार दोपहर वह घर के बाहर सरसों की सफाई कर रही थी। तभी एक बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और पानी पीने की मांग की। जैसे ही केला देवी उन्हें पानी देने के लिए घर के अंदर गईं, युवकों ने साजिश के तहत उनकी आंखों में लाल मिर्च का पाउडर डाल दिया। इससे महिला को दिखना बंद हो गया, जिसका फायदा उठाकर उन्होंने महिला की गर्दन पर चाकू लगा दिया और जबरन उनके कानों की सोने की बालियां छीन लीं। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों युवक मौके से फरार हो गए। पड़ोसियों ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचित किया।


सीसीटीवी में कैद हुई बदमाशों की साजिश


वारदात के बाद जब ग्रामीणों ने गांव के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो एक बड़ा खुलासा हुआ। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि ये तीनों युवक दोपहर करीब डेढ़ बजे से ही गांव में घूम रहे थे और ई-रिक्शा में सवार कुछ महिलाओं का पीछा कर रहे थे। ई-रिक्शा में सवार महिलाओं ने सोने के आभूषण पहने थे, जिन पर बदमाशों की नजर थी। हालांकि, उन महिलाओं के जल्दी घर के अंदर चले जाने के कारण वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाए। इसके बाद उन्होंने केला देवी को अकेला पाकर अपना शिकार बनाया।


पुलिस जांच में जुटी


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता के बयान दर्ज किए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश कर रही है। बदमाशों का मुंह कपड़े और गमछे से ढका हुआ था, जिससे उनकी पहचान करने में चुनौती आ रही है, लेकिन पुलिस आसपास के रास्तों के फुटेज खंगालकर जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
‍ ‍


#SirsaNews #DanikKhabar #CrimeAgainstWomen #HaryanaPolice #LootCase #HandikhedaVillage #CCTVFootage #JusticeForVictim #SafetyAlert

Previous

कोलकाता मनी लॉन्ड्रिंग मामला: ईडी की छापेमारी में 10 लाख नकद और सोने के गहने बरामद, जांच का दायरा बढ़ा

Next

मंगलुरु कुकर ब्लास्ट मामला: NIA कोर्ट ने ISIS सदस्य मोहम्मद शारिक को सुनाई 10 साल की सजा