अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा का अलर्ट: धमकी भरे ई-मेल के बाद दूसरे दिन भी जारी रही गहन तलाशी
अंबाला, 25 अप्रैल (अन्नू): अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर वीरवार को मिले धमकी भरे ई-मेल के बाद से सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से अलर्ट मोड पर हैं। शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन स्टेशन परिसर में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। आरपीएफ (RPF), जीआरपी (GRP) और खुफिया एजेंसियों की संयुक्त टीम ने स्टेशन के प्रवेश द्वारों से लेकर पार्सल कार्यालय तक चप्पा-चप्पा खंगाला। इस दौरान मेटल डिटेक्टर और डॉग स्क्वॉड की मदद से संदिग्ध वस्तुओं और लावारिस बैगों की बारीकी से जांच की गई।
सघन निगरानी और जाँच
सुरक्षा के मद्देनजर इंटेलिजेंस विंग भी पूरी तरह से सक्रिय है। प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनके पहचान पत्रों का सत्यापन किया गया। आरपीएफ प्रभारी रविंदर सिंह ने बताया कि सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पार्सल कार्यालय में आने वाले प्रत्येक पैकेट की निगरानी बढ़ाई गई है। इसके अलावा, पार्किंग में खड़े वाहनों की भी जांच की जा रही है ताकि किसी भी बाहरी या संदिग्ध वाहन की पहचान की जा सके। साथ ही, कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर आने-जाने वाले रास्ते पर पैनी नजर रखी जा रही है।
यात्रियों के लिए एडवाइजरी
सुरक्षा एजेंसियों ने रेलवे उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से यात्रियों को सतर्क रहने की हिदायत दी है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे स्टेशन परिसर में किसी भी लावारिस वस्तु को न छुएं और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस या रेलवे सुरक्षा बल को दें। प्रशासन की ओर से यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं।
#AmbalaCantt #RailwaySecurity #HighAlert #BombThreat #SecurityCheck #AmbalaNews #RPF #GRP #PassengerSafety #StayAlert
Previous
अंबाला कैंट नागरिक अस्पताल को मिली 10 हाईटेक बेड की सौगात, मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत
Next