25/04/26

अंबाला में नगर परिषद कर्मचारियों का जोरदार प्रदर्शन, पक्का करने की मांग को लेकर किया झाड़ू मार्च

अंबाला, 25अप्रैल (अन्‍नू): नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के आह्वान पर शुक्रवार को अंबाला सदर नगर परिषद के सैकड़ों कर्मचारी अपनी मांगों के समर्थन में लामबंद हुए। प्रधान सेवाराम बोहत के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में कर्मचारियों ने मुख्य बाजारों से होकर गुजरते हुए 'झाड़ू प्रदर्शन' किया। इस दौरान उन्होंने सरकार की दमनकारी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यदि उनकी जायज मांगों को जल्द स्वीकार नहीं किया गया, तो वे अपने संघर्ष को और अधिक तीव्र करेंगे।



सरकार पर भेदभाव का आरोप

प्रदर्शन के दौरान जिला प्रधान बीरपाल कांगड़ा ने सरकार पर सफाई कर्मचारियों की अनदेखी करने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार अन्य विभागों में ग्रुप-डी के पदों पर नियमित भर्तियां कर सकती है, तो फिर वर्षों से शहर की सफाई व्यवस्था संभालने वाले इन सफाई कर्मचारियों को पक्का करने में देरी क्यों की जा रही है? उन्होंने इसे सरकार का दोहरा रवैया और कर्मचारियों के प्रति भेदभावपूर्ण नीति करार दिया।


हाईकोर्ट के आदेशों की अनदेखी

यूनियन के नेताओं ने स्पष्ट किया कि सफाई कर्मचारी प्रदेश को स्वच्छ रखने के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं, लेकिन सरकार उनके भविष्य को लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट भी कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने के पक्ष में अपना फैसला सुना चुका है, बावजूद इसके हरियाणा सरकार इस मामले पर चुप्पी साधे बैठी है। कर्मचारियों ने दो टूक शब्दों में कहा कि वे तब तक चैन से नहीं बैठेंगे जब तक उन्हें स्थायी नौकरी का अधिकार नहीं मिल जाता।




#AmbalaNews #MunicipalEmployees #Protest #HaryanaGovernment #SafaiKarmachari #RegularizationDemand #LabourRights #AmbalaSadar #EmployeeUnion

Previous

अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा का अलर्ट: धमकी भरे ई-मेल के बाद दूसरे दिन भी जारी रही गहन तलाशी

Next

दैनिक खबर: आज 25 अप्रैल, 2026 के प्रातः 10 बजे के ताज़ा समाचार