23/06/26

परिवहन, गतिशीलता और लॉजिस्टिक्स को समर्पित भारत का पहला स्थायी और स्वतंत्र अनुसंधान केंद्र होगा

आरएस अनेजा, 23 जून नई दिल्ली - भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने सड़क परिवहन क्षेत्र में साक्ष्य-आधारित नीति निर्माण को मजबूत करने और उच्च गुणवत्ता वाले अनुसंधान को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राष्ट्रीय अनुप्रयुक्त आर्थिक अनुसंधान परिषद (एनसीएईआर) के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।

इसके तहत एनसीएईआर में एनएचएआई सेंटर फॉर इकॉनमिक्स ऑफ ट्रांसपोर्टेशन, मोबिलिटी एंड लॉजिस्टिक्स की स्थापना की जाएगी, जो परिवहन, गतिशीलता और लॉजिस्टिक्स के अर्थशास्त्र को समर्पित भारत का पहला स्थायी और स्वतंत्र अनुसंधान केंद्र होगा। इस केंद्र की स्थापना एनएचएआई के प्रारंभिक योगदान से की जा रही है, जबकि एनसीएईआर अन्य संबद्ध संस्थानों और भागीदारों से योगदान जुटाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर एनएचएआई मुख्यालय में एनएचएआई के अध्यक्ष, एनसीएईआर के महानिदेशक और एनएचएआई तथा एनसीएईआर के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में किए गए। अपनी तरह की यह पहली पहल देश के तेजी से विस्तार कर रहे राष्ट्रीय राजमार्ग अवसंरचना के विकास और प्रबंधन में अनुसंधान, डेटा विश्लेषण और साक्ष्य-आधारित निर्णय लेने को एकीकृत करने के प्रति एनएचएआई की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

इस अवसर पर एनएचएआई के अध्यक्ष श्री संतोष कुमार यादव ने कहा कि "एनएचएआई राष्ट्रीय संपर्क और लॉजिस्टिक्स दक्षता बढ़ाने में अग्रणी रहा है। एनसीएईआर के साथ यह साझेदारी उच्च गुणवत्ता वाले अनुसंधान और नीति विश्लेषण के लिए एक समर्पित मंच तैयार करेगी, जिससे परिवहन क्षेत्र में योजना, निवेश और परिसंपत्ति प्रबंधन संबंधी निर्णयों को मजबूत करने में मदद मिलेगी।"

Previous

नई दिल्ली में रक्षा सूचना प्रौद्योगिकी सलाहकार समिति की 15वीं बैठक संपन्न

Next

मार्शल ऑफ द एयरफोर्स अर्जन सिंह मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट शुरू