रेवाड़ी: धारूहेड़ा में डंपर से टकराने के बाद कैंटर में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक; चालक सुरक्षित
रेवाड़ी, 11 जुलाई (अन्नू): दिल्ली-जयपुर हाईवे पर शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जहां एक डंपर से टकराने के बाद कैंटर में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते कैंटर धूं-धूंकर जलने लगा, जिससे हाईवे पर राहगीरों और वाहन चालकों के बीच हड़कंप मच गया। गनीमत यह रही कि हादसे में कैंटर चालक पूरी तरह सुरक्षित बच गया। यह दुर्घटना धारूहेड़ा में सावरियां होटल के सामने सुबह के वक्त हुई।
डंपर से टकराते ही भड़की आग:
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह एक कैंटर दिल्ली से परचून और दवाइयों जैसा सूखा सामान लोड करके जयपुर की तरफ जा रहा था। दोनों वाहन दिल्ली से जयपुर वाली लेन पर थे। इसी दौरान सावरियां होटल के पास कैंटर अचानक आगे चल रहे एक डंपर से जा टकराया। टक्कर लगते ही कैंटर में आग भड़क उठी। गाड़ी में सूखा सामान होने की वजह से आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया।
फायर ब्रिगेड और पुलिस ने पाया काबू:
राहगीरों की सूचना पर धारूहेड़ा सेक्टर-6 थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर हाईवे पर एक तरफ के वाहनों को रोक दिया गया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। फायर ब्रिगेड की टीम को आग बुझाने में करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि, जब तक आग पर पूरी तरह काबू पाया गया, तब तक कैंटर और उसमें रखा लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह खाक हो चुका था। स्थिति नियंत्रण में आने के बाद पुलिस ने वाहनों को सुरक्षित निकालना शुरू किया।
अधिकारियों के बयान:
सचिन कुंडू (थाना इंचार्ज, धारूहेड़ा सेक्टर-6): "आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। आग पर काबू पा लिया गया है और कैंटर चालक सुरक्षित है। एहतियात के तौर पर कुछ देर के लिए वन-वे ट्रैफिक रोका गया था। अभी तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलते ही जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।"
धीरज कुमार (फायरमैन): "फायर ब्रिगेड को सुबह 6:50 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। अब आग पूरी तरह बुझ चुकी है। कैंटर में पानी डालने के बाद भी कहीं-कहीं से धुआं निकल रहा था, इसलिए एहतियात के तौर पर दमकल की गाड़ी को मौके पर ही तैनात रखा गया है। प्राथमिक तौर पर गाड़ी में परचून और दवाइयां होने की बात सामने आई है, सही जानकारी ड्राइवर से पूछताछ के बाद ही मिल सकेगी।"
#RewariNews #DharuheraAccident #DelhiJaipurHighway #FireAccident #HaryanaNews #DainikKhabar
Previous
सरदार पटेल की एकता और संघवाद की सोच देश की शक्तिः राज्यपाल हिमाचल प्रदेश
Next