अम्बाला मंडल के डाकघरों में मिल रहीं आधार सेवाएं; कैंप लगवाने के लिए सरपंच-पार्षद कर सकते हैं संपर्क: प्रवर अधीक्षक विजय कुमार
जे कुमार अम्बाला, 7 जून 2026 : डाक विभाग द्वारा आम जनता की सुविधा के लिए अपनी नियमित सेवाओं के साथ-साथ आधार कार्ड से संबंधित सेवाएं भी तत्परता से प्रदान की जा रही हैं। प्रवर अधीक्षक डाकघर अम्बाला मंडल, विजय कुमार ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जिले के प्रमुख डाकघरों में आधार सेवा केंद्र सुचारू रूप से कार्य कर रहे हैं, जहाँ नागरिक आधार से जुड़ी विभिन्न सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।
इन प्रमुख डाकघरों में मिल रही है सुविधा : अम्बाला मंडल के अंतर्गत आने वाले निम्नलिखित केंद्रों पर प्रशिक्षित स्टाफ द्वारा आधार सेवाएं दी जा रही हैं अम्बाला जी.पी.ओ. (Ambala GPO), सदर बाजार डाकघर, बराड़ा डाकघर, अम्बाला शहर प्रधान डाकघर, बलदेव नगर डाकघर, नारायणगढ़ डाकघर | नागरिक कार्य दिवसों में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक इन केंद्रों पर जा सकते हैं। आमजन की सुविधा के लिए यहाँ टोकन व्यवस्था, बैठने के लिए उचित स्थान और पीने के पानी की उत्तम व्यवस्था की गई है।
इन आधार सेवाओं का उठा सकते हैं लाभ
डाकघरों में चल रहे इन केंद्रों पर मुख्य रूप से निम्नलिखित कार्य करवाए जा सकते हैं:
नए आधार कार्ड का नामांकन (Enrollment)
आधार में नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर और फोटो में सुधार/अपडेट
बायोमेट्रिक अपडेट एवं अन्य तकनीकी सहायता
गाँव या वार्ड में लगवा सकते हैं विशेष आधार कैंप
प्रवर अधीक्षक विजय कुमार ने एक विशेष पहल की जानकारी देते हुए बताया कि यदि किसी गाँव या शहरी वार्ड में 50 या उससे अधिक लाभार्थी उपलब्ध हैं, तो वहाँ विशेष आधार कैंप लगवाया जा सकता है। इसके लिए ग्राम सरपंच या नगर पार्षद के माध्यम से डाक विभाग से संपर्क करना होगा। आमजन की सुविधा को देखते हुए यह कैंप देर शाम या रात्रि के समय भी आयोजित किए जा सकते हैं।शिकायत व अधिक जानकारी के लिए यहाँ करें संपर्क
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि उपरोक्त किसी भी डाकघर में स्टाफ द्वारा आधार सेवा देने में कोई आनाकानी या लापरवाही की जाती है, तो नागरिक सीधे शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। इसके लिए वे कार्यालय प्रवर अधीक्षक डाकघर, प्रथम तल, अम्बाला जीपीओ भवन, अम्बाला-133001 पर जा सकते हैं या आधिकारिक टेलीफोन नंबर 0171-2645727 पर संपर्क कर सकते हैं।
#AmbalaNews #AmbalaPostOffice #AadharServices #AmbalaGPO #VijayKumarPostal #AadharCamp #GovernmentServices #LocalNewsAmbala
Previous
आर्य कॉलेज में योग प्रोटोकॉल का सफल आयोजन
Next