केसरी रेलवे स्टेशन की बदहाली दूर करने के लिए ADRM से मिले क्षेत्रवासी; ट्रेनों के ठहराव और साफ-सफाई का मिला ठोस आश्वासन
जे कुमार अम्बाला/केसरी, 20 मई 2026: केसरी रेलवे स्टेशन की लंबे समय से चली आ रही उपेक्षा को दूर करने और यात्री सुविधाओं की बहाली के लिए क्षेत्र के ग्रामीणों और दैनिक यात्रियों ने अपनी आवाज बुलंद की है। ट्रेनों के ठहराव, स्टेशन के सौंदर्यीकरण और बुनियादी सुविधाओं की मांगों को लेकर आज दर्जनों ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने अम्बाला मंडल रेल प्रबंधक (DRM) कार्यालय में अतिरिक्त मंडल रेल प्रबंधक (ADRM) से मुलाकात कर एक विस्तृत मांग पत्र सौंपा।
अधिवक्ता सुमित ढींगरा के नेतृत्व में पहुँचे इस प्रतिनिधिमंडल में राजिंदर कुमार, राज कुमार, जोगिन्दर लाल, जसवंत सिंह, डॉ. ऋषि, मोहम्मद जाफर खान, सतबीर, हरबीर सिंह सहित करीब 40 प्रमुख लोग शामिल रहे।
बंद पड़ी 13 ट्रेनों की बहाली और एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग
रेल अधिकारियों के साथ हुई इस उच्च स्तरीय बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य रूप से कोरोना काल से पहले रुकने वाली सभी 13 यात्री ट्रेनों की बहाली की मांग उठाई। इसके साथ ही, वर्तमान में रूट पर चल रही एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 14332 और मेल-एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 14521-14522 का केसरी स्टेशन पर व्यावसायिक ठहराव (Stoppage) सुनिश्चित करने की पुरजोर वकालत की गई। इस पर एडीआरएम ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए जल्द से जल्द उचित कार्रवाई का ठोस आश्वासन दिया।
RTI रिपोर्ट का हवाला: अच्छी आय के बावजूद सुविधाओं से वंचित
बैठक के दौरान अधिवक्ता सुमित धींगरा ने अधिकारियों को हाल ही में प्राप्त सूचना के अधिकार (RTI) की रिपोर्ट के आंकड़े सौंपे। उन्होंने अवगत कराया कि अच्छी-खासी आय और बंपर टिकट बिक्री होने के बावजूद इस स्टेशन को बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है।
इस भेदभावपूर्ण व्यवस्था के कारण क्षेत्र के करीब 40 गांवों के लगभग 2000 दैनिक यात्रियों, फैक्टरी मजदूरों, सरकारी कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को रोजाना भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और वे महंगे निजी वाहनों से सफर करने को मजबूर हैं।
सुरक्षा, साफ-सफाई और डिस्प्ले बोर्ड पर चर्चा
प्रतिनिधिमंडल ने स्टेशन परिसर में यात्रियों, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया:
सफाई की मांग: स्टेशन परिसर और मुख्य द्वारों पर उगी घनी झाड़ियों, हानिकारक भांग के पौधों और खरपतवार को तत्काल साफ कराने की मांग की गई, ताकि जहरीले जीवों और असामाजिक तत्वों के खतरे को खत्म किया जा सके।
लाइटिंग डिस्प्ले बोर्ड: रात के समय यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन के दोनों छोरों पर दूर से चमकने वाले लाइटिंग युक्त नाम के डिस्प्ले बोर्ड लगाने की मांग की गई।
भाषा में बदलाव: स्थानीय जनभावनाओं व भाषाई जरूरतों को ध्यान में रखते हुए वर्तमान बोर्ड पर अंकित तीसरी भाषा 'उर्दू' के स्थान पर 'पंजाबी' भाषा को शामिल करने पर भी गंभीर चर्चा हुई।
जल्द शुरू होगा आधुनिकीकरण का काम
रेल अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को बेहद ध्यानपूर्वक सुना। एडीआरएम ने आश्वस्त किया कि केसरी रेलवे स्टेशन के आगामी आधुनिकीकरण (Modernization) और प्लेटफार्म को ऊंचा करने के कार्यों को मंजूरी मिल चुकी है। यात्रियों की इन वास्तविक आवश्यकताओं, साफ-सफाई और ट्रेनों के ठहराव के प्रस्तावों को इस योजना के साथ जोड़कर जल्द से जल्द धरातल पर उतारा जाएगा।
#AmbalaNews #KesriRailwayStation #NorthernRailway #AmbalaDRMOffice #ADRMAmbala #TrainStoppage #RTIReport #IndianRailways #PassengerAmenities #LocalNewsAmbala #RailwayUpdate #PunjabLanguage #StationModernization
Previous
दैनिक खबर: आज 20 मई , 2026 के प्रातः 10 बजे के ताज़ा समाचार
Next