अम्बाला में रसोई गैस सिलेंडरों से मिलेगी मुक्ति: 24 इलाकों में बिछी PNG पाइपलाइन, DFSC ने दी आवेदन की पूरी जानकारी
अम्बाला, 13 अप्रैल (अन्नू): अम्बाला के घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक (DFSC) निशांत राठी ने जानकारी दी है कि एचपी ऑयल गैस प्राइवेट लिमिटेड (HP Oil Gas) द्वारा अम्बाला शहर और छावनी के 24 प्रमुख स्थानों पर पीएनजी (PNG) पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा कर लिया गया है। अब उपभोक्ता सिलेंडर की बुकिंग और डिलीवरी के झंझट को छोड़कर सीधे पाइपलाइन कनेक्शन के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इन इलाकों में उपलब्ध है सुविधा
पाइपलाइन कनेक्शन की सुविधा सेक्टर 10, 9, 8, 7, 01, प्रेम नगर, लक्ष्मी नगर, लक्ष्मी विहार, पटेल नगर, आरके पुरम, प्रिंस विहार, शिवाजी पार्क, विकास विहार, न्यू मॉडल टाउन, मॉडल टाउन, कैलाश नगर, कांशी नगर, जैन नगर, आदेश अस्पताल, आदर्श नगर, ग्रेटर कैलाश (कुछ हिस्से), शंकर कॉलोनी, जंडली और न्यू कैलाश नगर जैसे क्षेत्रों में उपलब्ध है।
आवेदन के लिए उपलब्ध हैं 3 आसान योजनाएं
उपभोक्ता hpoilgas.in पर जाकर अपनी सुविधा अनुसार इन तीन योजनाओं में से चुनाव कर सकते हैं:
अग्रिम भुगतान योजना: कुल ₹7118 का भुगतान, जिसमें ₹6000 कनेक्शन सुरक्षा और ₹1000 गैस बिल सुरक्षा (दोनों वापसी योग्य) शामिल है।
EMI पंजीकरण योजना: शुरुआती भुगतान ₹2118, शेष ₹5000 की राशि ₹500 प्रति माह की आसान किस्तों (EMI) में देय होगी।
किराया योजना: मात्र ₹1118 का अग्रिम भुगतान। इसमें गैस बिल के साथ ₹50 प्रति माह अतिरिक्त किराया देना होगा।
पीएनजी के फायदे: सुरक्षा और बचत एक साथ
डीएफएससी ने बताया कि पीएनजी न केवल सिलेंडर के मुकाबले सस्ती और किफायती है, बल्कि यह बेहद सुरक्षित भी है। हवा से हल्की होने के कारण रिसाव की स्थिति में यह तुरंत ऊपर उड़ जाती है। इसके इस्तेमाल से रसोई में जगह बचती है और यह पर्यावरण के अनुकूल भी है। उपभोक्ताओं को सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 1800-180-8999 भी जारी किया गया है।
प्रशासन की अपील:
अफवाहों से बचें जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे गैस की कमी जैसी किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और गैस सिलेंडरों का अनावश्यक भंडारण न करें। आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए धैर्य के साथ इस आधुनिक सुविधा का लाभ उठाएं।
#AmbalaNews #PNGConnection #CleanEnergy #HPOilGas #HaryanaUpdate #SmartKitchen #AmbalaCity #AmbalaCantt #DanikKhabar #AmbalaLpg
Previous
नीलोखेड़ी के पास हाईवे पर स्क्रैप से भरे ट्रक में लगी भीषण आग: दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर लगा लंबा जाम
Next