एयर इंडिया प्लेन क्रैश में बचे रमेश विश्वास ने बताई मौत के मुंह से बाहर निकलने की पूरी कहानी
आरएस अनेजा, 14 जून नई दिल्ली
अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे ने पूरे देश और विदेश के लोगों को झकझोर कर रख दिया।
दुर्घटना में अब तक 265 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है। इस हादसे में चमत्कारिक रूप से रमेश विश्वास नाम के एक यात्री की जान बच गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अस्पताल पहुंचकर रमेश से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना।
इस हादसे में बाल-बाल बचे रमेश फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं. उन्होंने बिस्तर पर लेटे हुए मीडिया को आपबीती सुनाई. उन्होंने बताया कि टेकऑफ करते समय प्लेन की रफ्तार कुछ अलग ही लगी।
इस दौरान अचानक कुछ सेकंड के लिए सन्नाटा छा गया और फिर ग्रीन-व्हाइट लाइट्स चमकने लगीं. उन्हें लगा कि पायलट ने जोर लगाकर उड़ान भरने की कोशिश की. लेकिन तभी विमान हॉस्टल की इमारत से टकरा गया।
रमेश ने बताया कि वे जिस सीट पर बैठे थे, वो हिस्सा नीचे की ओर था जो बिल्डिंग से टकराया होगा. ऊपर की ओर आग भड़क उठी और वहां बैठे यात्री वहीं फंसे रह गए। उनकी सीट टूटकर नीचे गिरी जिससे उन्हें निकलने का रास्ता मिल गया. उन्होंने किसी तरह खाली जगह देख कर बाहर निकलने की कोशिश की. इस हादसे में उनका बायां हाथ बुरी तरह जल गया लेकिन जान बच गई।