विश्व स्तनपान सप्ताह के चलते गर्भवती महिलाओ को दिलवाई शपथ, किया जागरूक

जे कुमार अम्बाला छावनी, 4 अगस्त : नागरिक अस्पताल अम्बाला छावनी में विश्व स्तनपान सप्ताह के अंतर्गत सोमवार को एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य नवजात शिशुओं के पूर्ण विकास के लिए माँ के दूध के महत्व और सम्पूर्ण पोषण को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रचना बंसल ने की, जिन्होंने नर्सिंग ऑफिसर और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ मिलकर गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं को स्तनपान के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जीवन के पहले छह माह तक शिशु को केवल माँ का दूध देना चाहिए, जिससे शिशु को रोग प्रतिरोधक क्षमता, संपूर्ण पोषण और मानसिक विकास में सहायता मिलती है।

डॉ. रचना बंसल ने बताया कि माँ का दूध बच्चों को संक्रमण से बचाता है और उन्हें स्वस्थ जीवन की नींव देता है। स्तनपान न केवल शिशु के लिए, बल्कि माँ के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी होता है। इससे माँ में स्तन कैंसर और अन्य बीमारियों का खतरा भी कम होता है।

इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं को स्वस्थ पोषण, नियमित जांच और स्तनपान की आवश्यकता से अवगत कराया गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को स्तनपान कराने की सही तकनीक, बैठने की मुद्रा और दूध उत्पादन बढ़ाने के उपायों पर भी प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यक्रम में मौजूद नर्सिंग स्टाफ ने माताओं को स्तनपान के प्रति सकारात्मक रवैया अपनाने का आह्वान किया। महिलाओं ने कार्यक्रम के अंत में स्तनपान को बढ़ावा देने और हर नवजात को माँ का पहला दूध (कोलोस्ट्रम) देने की शपथ भी ली।

इस अवसर पर अस्पताल प्रशासन ने बताया कि 1 से 7 अगस्त तक चलने वाले विश्व स्तनपान सप्ताह के दौरान अस्पताल में अलग-अलग गतिविधियों जैसे पोस्टर प्रतियोगिता, हेल्थ टॉक्स और काउंसलिंग सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक महिलाओं को स्तनपान के प्रति प्रेरित किया जा सके।

#ambala #healthdepartment #haryana #worldbreastfeedingweek #pregnantwomen

Previous

हरियाणा रोडवेज बसों की मिलेगी रियल-टाइम लोकेशन, यात्रियों को मिलेगा बड़ा लाभ

Next

आज के प्रमुख खेल समाचार