04/08/25

हरियाणा रोडवेज बसों की मिलेगी रियल-टाइम लोकेशन, यात्रियों को मिलेगा बड़ा लाभ

जे कुमार, अम्बाला छावनी 4 अगस्त : हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज रोडवेज यात्रियों के लिए एक बड़ी सुविधा शुरू करने जा रहे है। जल्द ही आमजन को रोडवेज बसों की रियल-टाइम लोकेशन मोबाइल ऐप के माध्यम से उपलब्ध करवाई जाएगी। इस नई तकनीक की मदद से यात्री घर बैठे यह जान सकेंगे कि उनकी बस कहाँ तक पहुंची है और कितनी देर में उनके नजदीकी बस स्टैंड पर पहुँचेगी।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इस सुविधा को लागू करने की प्रक्रिया तेज़ी से चल रही है और आने वाले चार महीनों के भीतर इसे पूरे प्रदेश में लागू कर दिया जाएगा। हरियाणा की सभी रोडवेज बसों में जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम लगाया जाएगा, जिससे उनकी मूवमेंट को ऐप से जोड़ा जा सकेगा।

इस सुविधा से यात्रियों को न सिर्फ अपनी यात्रा की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलेगी, बल्कि उन्हें बस स्टैंड पर लंबा इंतजार भी नहीं करना पड़ेगा। खासकर स्कूल, कॉलेज व नौकरीपेशा लोगों को इसका बड़ा लाभ मिलेगा।

विभाग ने बताया कि ऐप उपयोग करना बेहद सरल होगा। ऐप में बस नंबर, रूट, आगमन समय और लाइव ट्रैकिंग जैसी सुविधाएं होंगी। इसके साथ ही भविष्य में टिकट बुकिंग और शिकायत निवारण जैसी सेवाओं को भी ऐप से जोड़े जाने की योजना है।

हरियाणा परिवहन विभाग ने बताया कि सरकार का उद्देश्य रोडवेज सेवा को आधुनिक और तकनीकी रूप से सशक्त बनाना है, जिससे यात्रियों को समय की बचत और बेहतर अनुभव मिल सके। उन्होंने कहा कि यह पहल डिजिटल इंडिया अभियान को भी मजबूती प्रदान करेगी।

जल्द ही प्रदेश के सभी डिपो में इस तकनीक को लेकर कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे सिस्टम को बेहतर तरीके से समझ सकें और यात्रियों को मदद प्रदान कर सकें।

#haryana #ambala #haryanaroadway #buses #realtimelocation

Previous

जियोफेंसिंग के विरोध में स्वास्थ्य विभाग (एनएचएम) कर्मचारियों ने एक घंटे रखा वर्क सस्पेंड

Next

विश्व स्तनपान सप्ताह के चलते गर्भवती महिलाओ को दिलवाई शपथ, किया जागरूक