04/03/26

पंचकूला: शादी के 21 दिन बाद युवक की चाकू मारकर हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

हरियाणा \पंचकूला, 04, मार्च (अन्‍नू): हरियाणा के पंचकूला में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के कुछ ही दिनों के भीतर क्राइम ब्रांच की टीम ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी रोशन को धर दबोचा है। बिहार के गोपालगंज का रहने वाला रोशन फिलहाल ढकौली में किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद आरोपी को सबक सिखाने के लिए उसे घुटनों के बल चलाया, ताकि कानून का खौफ कायम रहे।


यह दुखद घटना 2 मार्च की देर रात की है, जब उत्तर प्रदेश के अमेठी निवासी 33 वर्षीय दीपक अपने दफ्तर से घर लौट रहा था। दीपक एक कॉल सेंटर में कार्यरत था और उसका परिवार पिछले डेढ़ दशक से ढकौली में ही बस गया था। दीपक की जिंदगी में अभी खुशियों ने दस्तक ही दी थी; बीते 10 फरवरी को ही उसका विवाह काजल नाम की युवती से हुआ था। शादी के महज 21 दिन बाद और पत्नी के मायके जाने के ठीक दो दिन बाद बदमाशों ने उसकी जान ले ली।


पुलिस जांच के अनुसार, सेक्टर-12 ए के समीप दो पैदल बदमाशों ने दीपक की बाइक को जबरन रुकवाया। आरोपियों ने पहले हथियार के बल पर लूटपाट की कोशिश की, लेकिन जब उन्हें दीपक के पास नकदी या गहने नहीं मिले, तो वे उसका मोबाइल छीनने लगे। दीपक द्वारा साहसी विरोध किए जाने पर आक्रोशित बदमाशों ने उसके पेट में चाकू घोंप दिया और मोबाइल लेकर चंपत हो गए। अधिक रक्तस्राव होने के कारण अस्पताल में दीपक ने दम तोड़ दिया।


मामले की गंभीरता को देखते हुए सेक्टर-26 क्राइम ब्रांच के इंचार्ज दलीप सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर रोशन को काबू कर लिया है। पुलिस अब आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि हत्या में इस्तेमाल हथियार और लूटा गया फोन बरामद किया जा सके। फिलहाल, वारदात में शामिल दूसरे फरार आरोपी की तलाश के लिए छापेमारी जारी है।



#PanchkulaCrime #CrimeBranch #JusticeForDeepak #HaryanaPolice #Amethi #CrimeNews #SafetyAlert

Previous

पंजाब और चंडीगढ़ में होली की धूम: सरहद पर बीएसएफ ने शहीदों के परिवारों संग मनाया त्योहार

Next

दैनिक खबर: समाचार प्रातः 10 बजे