पलवल: सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ प्रशासन सख्त, निगरानी के लिए संयुक्त प्रवर्तन समिति गठित
जे कुमार पलवल, 17 मार्च 2026 : उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ के निर्देशानुसार जिला पलवल में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए एक संयुक्त प्रवर्तन समिति का गठन किया गया है। यह समिति पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के दिशा-निर्देशों तथा जिला प्रशासन के आदेशों के तहत कार्य करेगी।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि बढ़ते प्लास्टिक प्रदूषण के कारण पर्यावरण और जनस्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिले में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग, भंडारण और बिक्री पर सख्ती से प्रतिबंध लागू किया जा रहा है।
उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ द्वारा गठित की गई इस संयुक्त प्रवर्तन समिति में विभिन्न अधिकारियों को शामिल किया गया है, जिसमें नगर परिषद पलवल के कार्यकारी अधिकारी, हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी और पुलिस सुरक्षा के लिए संबंधित पुलिस थाना प्रभारी शामिल हैं।
उपायुक्त ने बताया कि संयुक्त प्रवर्तन समिति द्वारा बाजारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, गोदामों और अन्य स्थानों पर नियमित निरीक्षण और औचक जांच की जाएगी ताकि सिंगल यूज प्लास्टिक पर लगाए गए प्रतिबंध का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा सके। इसके अलावा प्रतिबंधित प्लास्टिक वस्तुओं का भंडारण, बिक्री या उपयोग करते पाए जाने पर नियमों के अनुसार संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। आवश्यक होने पर कानूनी कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जाएगी। समिति संबंधित विभागों और स्थानीय निकायों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रतिबंध को प्रभावी रूप से लागू करेगी तथा दुकानदारों और आम जनता को कपड़े या जूट के थैलों जैसे पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को अपनाने के लिए जागरूक भी करेगी। साथ ही समिति द्वारा की गई कार्रवाई की साप्ताहिक अनुपालन रिपोर्ट जिला प्रशासन को प्रस्तुत की जाएगी, जिसमें निरीक्षणों की संख्या, जारी किए गए चालान और उल्लंघनकर्ताओं से वसूली गई जुर्माना राशि का विवरण शामिल होगा।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर लगाए गए प्रतिबंध का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएं।