विश्व एड्स दिवस पर पलवल जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के एडीआर सेंटर समेत विभिन्न स्थानों पर विशेष जागरूकता शिविर लगाकर लोगों को किया जागरूक
पलवल / हरियाणा , 2 दिसंबर (अन्नू)- हरियाणा राज्य विधिक सेवाएं प्राधिकरण पलवल के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण पलवल के तत्वावधान में जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं चेयरमैन डीएलएसए राज गुप्ता के मार्गदर्शन और सीजेएम एवं डीएलएसए सचिव हरीश गोयल के नेतृत्व में प्रतिदिन जागरूकता कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। सोमवार को जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के एडीआर सेंटर में विश्व एड्स दिवस के उपलक्ष्य में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमे प्राधिकरण की ओर से मुख्य बचाव पक्ष अधिवक्ता नवीन रावत व बचाव पक्ष अधिवक्ता जगत सिंह रावत और स्वास्थ्य विभाग से उम्मेद सिंह काउंसलर के द्वारा उपस्थिति को इस गंभीर बीमारी/वायरस से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
अधिवक्ताओं द्वारा एडीआर सेंटर में उपस्थित न्यायालय के सभी कर्मचारियों को एड्स जैसी गंभीर बीमारी और एचआईवी वायरस से बचने के उपायों के बारे में जागरूक किया गया। उन्होने बताया कि एचआईवी वायरस संक्रमित व्यक्ति के साथ रहने से, हाथ मिलाने या छूने से अथवा संक्रमित व्यक्ति के साथ खाना खाने से, स्नानघर और शौचालय के इस्तेमाल करने से, मच्छर के काटने से नहीं फैलता। एचआईवी वायरस से बचने के लिए इसके बारे में जागरूकता सबसे ज्यादा जरूरी है। उन्होंने यह भी बताया कि इस तरह के मामलों में संक्रमित व्यक्ति की पहचान को गोपनीय रखा जाता है और हमें इस प्रकार के मामलों में संक्रमित व्यक्ति के प्रति घृणा नहीं करनी चाहिए। उन्होंने एचआईवी वायरस के फैलने के कारणों से भी अवगत करवाया।
गांव टीकरी ब्राह्मण में ग्रामीणों को भी विश्व एड्स दिवस पर किया जागरूक
पैनल अधिवक्ता महेशचंद शर्मा ने पैरा लीगल वालंटियर के साथ गांव टीकरी ब्राह्मण में विश्व एड्स दिवस पर कानूनी जागरूकता शिविर लगाया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों के साथ सरपंच नरेंद्र कुमार भी मौजूद रहे। पैनल अधिवक्ता ने इस मौके पर नालसा, हालसा की सभी स्कीम व विभिन्न विषयों की निशुल्क कानूनी जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि सरकार एड्स से पीड़ित लोगों के लिए कई मुफ्त सुविधाएं प्रदान करती है, जिनमें नि:शुल्क एंटीरेट्रोवाइरल थेरेपी, मुफ्त निदान और दवाएं, परामर्श सेवाएं और कभी-कभी वित्तीय सहायता भी शामिल हैं। आयुष्मान भारत योजना के तहत भी पात्र व्यक्तियों को चिकित्सा उपचार में सहायता मिल सकती है। इसके अतिरिक्त यात्रा रियायत और कानूनी सहायता भी उपलब्ध हैं और सरकार गोपनीयता और गरिमा के साथ व्यवहार सुनिश्चित करने का भी प्रयास करती है। सरकार आयुष्मान भारत योजना के तहत एचआईवी पॉजिटिव व्यक्तियों सहित सभी के लिए 5 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज प्रदान करती है। जो लोग एआरटी केंद्रों से दवा लेने जाते हैं, उन्हें महीने में एक बार 75 प्रतिशत की यात्रा रियायत मिल सकती है। उन्होंने ग्रामीणों को कानूनी जागरूक करते हुए कहा कि न्यायालयों में लंबित मामलों या मुकदमेबाजी से पहले के विवादों को सौहार्दपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए नियमित रूप से लोक अदालतों का आयोजन किया जाता है। यह विवादों को अदालती प्रक्रिया से बाहर, मध्यस्थों के माध्यम से तेजी से और विश्वासपूर्ण तरीके से निपटाने में मदद करता है। कानूनी साक्षरता शिविरों, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के माध्यम से जनता के बीच, विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों और वंचित वर्गों के बीच कानूनी जागरूकता फैलाता है। अधिवक्ताओं ने जानकारी देते हुए का कि जिन लोगों की वार्षिक आय 3 लाख रुपए से कम है वे प्राधिकरण से अपने केस लड़ने के लिए निशुल्क पैनल अधिवक्ता ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण पलवल के हेल्पलाइन नंबर-01275-298003, नालसा हेल्पलाइन नंबर-15100 पर संपर्क कर सकते हैं।
इसी कड़ी में कस्बा मोहल्ला के स्लम एरिया में अधिवक्ता गीता रानी ने विश्व एड्स दिवस पर जागरूकता रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया, जिसमें करीब 35 व्यक्तियों ने भाग लिया। इसी प्रकार पैनल अधिवक्ता महीपाल बघेल ने गांव सोफता में सरपंच निवास पर लोगों को एड्स के प्रति जागरूक किया और जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण से मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जागरूक किया। इस अवसर पर उन्होंने लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने लोगों को एड्स के प्रति जागरूक कर एड्स से बचने के लिए सावधानी बरतने के लिए प्रेरित किया।
इसी क्रम में सरकारी अस्पताल पलवल में भी विश्व एड्स दिवस पर स्वास्थ्य एवं विधिक जागरूकता शिविर संपन्न हुआ। विश्व एड्स दिवस के अवसर पर हरियाणा राज्य विधिक सेवाएं प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के अनुसार जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण पलवल और स्वास्थ्य विभाग पलवल के संयुक्त तत्वावधान में सरकारी अस्पताल पलवल में स्वास्थ्य एवं विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य एचआईवी एड्स के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, संक्रमण एवं रोकथाम के वैज्ञानिक तथ्यों को आम जनता तक पहुंचाना, सामाजिक मिथकों को दूर करना तथा एचआईवी एड्स से प्रभावित व्यक्तियों के कानूनी एवं मानवाधिकारों के बारे में लोगों को जागरूक करना था। इस कार्यक्रम में अधिवक्ता संजय सिंह वर्मा ने उपस्थित नागरिकों को एचआईवी एड्स के फैलने के कारणों के बारे में जानकारी दी। शिविर में सीएमओ डा. सत्येंद्र वशिष्ठ, डॉ. वासुदेव, डॉ. नितिन, संजीव तंवर, उमेद सिंह, नीरा मेहता और अधिवक्ता संजय सिंह वर्मा की मुख्य उपस्थिति रही, जहां सभी विशेषज्ञों ने मंच से अपने विचार रखते हुए लोगों को इस विषय पर जागृत किया। शिविर के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों का स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित डॉक्टरों, अधिकारियों, आयोजकों और नागरिकों ने सामाजिक पहल के रूप में सामूहिक रूप से नशा-मुक्ति का संकल्प भी लिया और नशे के किसी भी रूप तंबाकू, शराब, ड्रग्स आदि से दूर रहने तथा दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का प्रण लिया।
#WorldAIDSDay #DLSA #Palwal #HIVAwareness #LegalAid #HALSA #AyushmanBharat #NashaMukti #CommunityAwareness #FreeLegalAid #Haryana #HaryanaNews #DanikKhabar