अंबाला पुलिस की बड़ी कामयाबी: अंतरराज्यीय शातिर बाइक चोर गिरफ्तार, चोरी की 20 मोटरसाइकिलें बरामद
अंबाला, 8 जुलाई (अन्नू): अंबाला पुलिस की एंटी व्हीकल थेफ्ट (AVT) सेल को वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अंबाला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर और उत्तर प्रदेश के सहारनपुर समेत कई जिलों में सक्रिय एक अंतरराज्यीय शातिर बाइक चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बिलासपुर निवासी अनिल के रूप में हुई है। पुलिस ने अब तक आरोपी के कब्जे से चोरी की 20 मोटरसाइकिलें बरामद करने में सफलता हासिल की है।
वारदातों पर अंकुश
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मामले का खुलासा करते हुए डीएसपी अंबाला जगबीर मलिक ने बताया कि अंबाला शहर, महेश नगर और अंबाला छावनी (कैंट) क्षेत्रों में पिछले काफी समय से बाइक चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही थीं। इन वारदातों पर अंकुश लगाने और आरोपियों की धरपकड़ के लिए एवीटी (AVT) सेल को विशेष निर्देश दिए गए थे।
गुप्त सूचना से गिरफ्तारी
निरीक्षक ऋषिपाल सिंह के नेतृत्व में गठित एवीटी स्टाफ की टीम (जिसमें उप निरीक्षक कंवल जीत सिंह, सहायक उप निरीक्षक देवेंद्र कुमार, मुख्य सिपाही सोमपाल, मुख्य सिपाही महाबीर सिंह व सिपाही विनोद कुमार शामिल थे) ने गुप्त सूचना के आधार पर मुस्तैदी से नाकाबंदी की। इस दौरान टीम ने संदिग्ध अनिल को हिरासत में लिया। शुरुआती पूछताछ में उसके पास से चोरी की एक बाइक बरामद हुई, जिसका थाना महेश नगर में मुकदमा दर्ज था।
रिमांड पर आरोपी
डीएसपी जगबीर मलिक ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। शुरुआती पूछताछ में आरोपी अनिल ने करीब तीन दर्जन (35) बाइक चोरी करने की बात कबूली है। आरोपी इन बाइकों को चुराने के बाद उत्तर प्रदेश के सहारनपुर ले जाकर बेचता था। वह पहले भी सहारनपुर जेल में करीब 18 महीने की सजा काट चुका है।
फाइनेंसर से चोर
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अनिल पहले फाइनेंस का कारोबार करता था। लेकिन कोविड-19 महामारी के दौरान उसका काम पूरी तरह ठप्प हो गया और वह भारी कर्ज में डूब गया। कर्जदारों और देनदारी से बचने के लिए उसने अपना घर छोड़ दिया। वह अपनी पहचान छुपाने के लिए मंदिरों और गुरुद्वारों में ठहरता था और वहीं से बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देने लगा।
गहन पूछताछ जारी
डीएसपी जगबीर मलिक के अनुसार आरोपी अनिल से अभी सघन पूछताछ जारी है। पुलिस रिमांड के दौरान करीब 15 और बाइक बरामद होने की उम्मीद है। इस मामले में यह भी पता लगाया जा रहा है कि सहारनपुर में वह किन लोगों को ये गाड़ियां बेचता था, ताकि इस पूरे नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।
#AmbalaPolice #AVTCell #BikeThiefCaught #InterstateCriminal #VehicleRecovery #AmbalaCrime #SaharunpurConnection #HaryanaNews #BreakingNews #DanikKhabar
Previous
जालंधर कमिश्नरेट पुलिस का अर्बन एस्टेट में बड़ा एक्शन, रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहे अवैध हुक्का बार पर रेड
Next