जियोफेंसिंग के विरोध में स्वास्थ्य विभाग (एनएचएम) कर्मचारियों ने एक घंटे रखा वर्क सस्पेंड
जे कुमार अम्बाला छावनी, 4 अगस्त : हरियाणा में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत कार्यरत हजारों कर्मचारियों ने आज जियोफेंसिंग व्यवस्था के खिलाफ एकजुट होकर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदेशभर में एनएचएम कर्मचारियों ने सुबह 10 बजे से 11 बजे तक एक घंटे का वर्क सस्पेंड रखा, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं पर भी असर पड़ा।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि जियोफेंसिंग को तुरंत प्रभाव से समाप्त करने की मांग की। यूनियन नेताओं ने कहा कि यह प्रणाली कर्मचारियों की निजता का हनन है और इससे कार्यस्थल पर एक असहज माहौल बनता है।राज्य के सभी जिलों में एनएचएम कर्मचारियों की यूनियनों ने रोष प्रकट करते हुए कहा कि जियोफेंसिंग तकनीक से उनकी व्यक्तिगत गतिविधियों पर निगरानी रखना मानसिक दबाव उत्पन्न करता है। उन्होंने कहा कि फील्ड में काम करने वाले स्वास्थ्य कार्यकर्ता पहले ही विषम परिस्थितियों में कार्य करते हैं, और अब उन पर तकनीकी निगरानी का अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है।
यूनियन नेताओं ने सरकार को चेताया कि अगर जियोफेंसिंग को जल्द ही बंद नहीं किया गया तो वह आने वाले समय में आंदोलन को और तेज कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जियोफेंसिंग का विरोध केवल एक तकनीकी पहलू नहीं, बल्कि यह कर्मचारियों के आत्मसम्मान, स्वतंत्रता और कार्य की गरिमा से जुड़ा मुद्दा है।
कर्मचारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि वे किसी भी जनकल्याण योजना के विरोध में नहीं हैं, बल्कि वे केवल ऐसी व्यवस्था का विरोध कर रहे हैं जो उनकी निगरानी और अनुचित रिपोर्टिंग को बढ़ावा देती है। एनएचएम कर्मचारियों ने सरकार से बातचीत कर इस मुद्दे का समाधान निकालने की अपील की है, ताकि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं बाधित न हों और कर्मचारियों में असंतोष भी न फैले।
#nhm #haryana #worksuspended #ambala