न्यू चंडीगढ़: शोरूम के बाहर सेल्सगर्ल पर पति का खूनी हमला, चाकू से किए 6 वार; आरोपी गिरफ्तार

मोहाली, 7 अप्रैल (अन्‍नू): मोहाली के न्यू चंडीगढ़ में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक कपड़ों के शोरूम में काम करने वाली 28 वर्षीय सेल्सगर्ल प्रियंका पर उसके पति हीरा लाल ने सरेआम चाकू से हमला कर दिया। वारदात उस वक्त हुई जब प्रियंका सुबह करीब 11 बजे ड्यूटी के लिए ऑटो से उतरी थी। पहले से घात लगाकर बैठे पति ने प्रियंका की पीठ और कमर पर ताबड़तोड़ 6 वार किए। यह पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।


"बेटे का हक चाहती हूँ" कहते ही भड़का पति


परिजनों के अनुसार, हीरा लाल सुबह से ही शोरूम के बाहर रेकी कर रहा था। प्रियंका जैसे ही पहुंची, उसने पूछा- "तुम क्या चाहती हो?" प्रियंका ने जवाब दिया- "मैं बस लड़के का हक चाहती हूँ।" यह सुनते ही नशे का आदी हीरा लाल आगबबूला हो गया और जेब से चाकू निकालकर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रियंका को चंडीगढ़ के सेक्टर-16 अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।



कोर्ट के खर्चे और नशे की लत ने बिगाड़े रिश्ते


जानकारी के मुताबिक, प्रियंका और हीरा लाल की शादी 8 साल पहले हुई थी। उनका एक 7 साल का बेटा भी है। हीरा लाल की नशे की लत और मारपीट के कारण प्रियंका पिछले 5 साल से मायके में रह रही थी। प्रियंका ने कोर्ट में गुजारा भत्ते का केस किया था, जिसमें अदालत ने पति को 5,000 रुपये प्रति माह देने का आदेश दिया था। हीरा लाल इसी बात से नाराज था और पैसे न देने के बहाने ढूंढता रहता था।



बाजू पर लिखवाया था पति का नाम, फिर भी मिली बेरुखी


हैरानी की बात यह है कि प्रियंका अपने पति से बेहद प्यार करती थी। उसने अपने भाइयों के नाम के साथ अपनी बाजू पर पति 'हीरा लाल' का नाम भी लिखवाया हुआ था, जिसे उसने विवाद के बाद भी नहीं मिटाया। वह केवल अपने बेटे के भविष्य के लिए संघर्ष कर रही थी और इसी के लिए उसने 4 महीने पहले शोरूम में नौकरी शुरू की थी।


पुलिस की कार्रवाई: मौके से ही दबोचा गया आरोपी


मुल्लांपुर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी हीरा लाल को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी अमनदीप सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता के बयान दर्ज होने के बाद केस में अन्य कड़ी धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।



#NewChandigarh #MohaliCrime #CrimeNews #BreakingNews #DomesticViolence #ChandigarhPolice #SafetyFirst #ZirakpurNews

Previous

दिल्ली क्राइम ब्रांच का बड़ा एक्शन: ISI समर्थित टेरर व आर्म्स तस्करी मॉड्यूल के 2 और गुर्गे गिरफ्तार, नेपाल के रास्ते आते थे हथियार

Next

अंबाला: सरकारी नौकरी और बिजली बिल सेटलमेंट के नाम पर ₹9.83 लाख की ठगी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार