अम्बाला के अटल कैंसर केयर सेंटर में डॉक्टर मीनाक्षी भूषण ने 30 वर्षीय महिला के पेट से निकाली 7 किलो की रसौली, डॉक्टरों को मिली बड़ी सफलता
जे कुमार अम्बाला छावनी, 12 फरवरी 2026: अम्बाला छावनी स्थित नागरिक अस्पताल के अटल कैंसर केयर सेंटर के डॉक्टरों ने चिकित्सा क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कैंसर सेंटर की वरिष्ठ चिकित्सक डॉक्टर मीनाक्षी भूषण के नेतृत्व में एक टीम ने 30 वर्षीय महिला के पेट से लगभग 7 किलो वजनी रसौली (Tumor) निकालकर उसे नया जीवन दिया है। सरकारी अस्पताल में इतनी जटिल सर्जरी का सफल होना स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती मजबूती का प्रतीक माना जा रहा है।
निजी अस्पतालों के चक्कर काट थक चुकी थी मरीज
जानकारी के अनुसार, अम्बाला के गाँव गड़ोली की रहने वाली 30 वर्षीय महिला पिछले काफी समय से पेट में भारीपन और असहनीय दर्द से जूझ रही थी। महिला ने इलाज के लिए कई बड़े निजी अस्पतालों के चक्कर लगाए, लेकिन वहां इलाज का खर्च और जटिलता देखते हुए उसे काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। अंततः वह अम्बाला छावनी स्थित अटल कैंसर केयर सेंटर पहुंची।
डॉक्टर मीनाक्षी भूषण ने बताया कि जब मरीज उनके पास आई, तो उसका पेट काफी फूल चुका था। सबसे पहले महिला की गहन चिकित्सा जाँच और स्कैनिंग की गई, जिसमें पेट के अंदर एक विशालकाय रसौली होने की पुष्टि हुई।
2 घंटे चला जटिल ऑपरेशन
मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों की एक विशेष टीम गठित की गई। डॉक्टर मीनाक्षी भूषण के नेतृत्व में डॉक्टर वेद पाठक, रेजिडेंट अमानत, स्टाफ नर्स ज्योति और पूजा की टीम ने करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद इस सफल ऑपरेशन को अंजाम दिया। डॉक्टर ने बताया कि रसौली का आकार और वजन इतना अधिक था कि उसने पेट के अन्य अंगों पर दबाव बनाना शुरू कर दिया था, जिससे मरीज की जान को खतरा हो सकता था। वर्तमान में महिला की स्थिति स्थिर है और वह स्वास्थ्य लाभ ले रही है।
अनिल विज के प्रयासों का परिणाम: डॉक्टर मीनाक्षी
सफल ऑपरेशन के बाद डॉक्टर मीनाक्षी भूषण ने हरियाणा के कैबिनेट मंत्री श्री अनिल विज का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि "आज इस केंद्र में जो अत्याधुनिक मशीनें और विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध हैं, वह श्री अनिल विज जी की दूरगामी सोच और प्रयासों की बदौलत हैं। इन्हीं आधुनिक उपकरणों की मदद से आज यहां हजारों गरीब और जरूरतमंद मरीजों का सफल इलाज मुमकिन हो पा रहा है।"
इसके साथ ही उन्होंने सिविल सर्जन डॉक्टर राकेश सहल और पीएमओ डॉक्टर पूजा पैंटल का भी मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार प्रकट किया। अस्पताल प्रशासन की इस सफलता से क्षेत्र के लोगों में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।
#AmbalaHealth #AtalCancerCareCenter #MedicalSuccess #HaryanaHealth #AnilVij #AmbalaCantt #TumorSurgery #PublicHealth #AmbalaNews