11/07/26

सोनीपत में खनन माफिया का आतंक: अवैध माइनिंग रोकने गई एनफोर्समेंट टीम पर हमला, अधिकारियों से मारपीट कर छीने मोबाइल

सोनीपत, 11 जुलाई (अन्‍नू): हरियाणा के सोनीपत जिले में अवैध माइनिंग के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची माइंस एंड जियोलॉजी डिपार्टमेंट की एनफोर्समेंट टीम पर खनन माफिया द्वारा कथित तौर पर जानलेवा हमला करने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपियों पर सरकारी अधिकारियों के साथ बेरहमी से मारपीट करने, उनके मोबाइल फोन छीनने, सरकारी काम में बाधा डालने और जान से मारने की धमकी देने के संगीन आरोप हैं। इस संबंध में सेक्टर-27 पुलिस स्टेशन ने असिस्टेंट माइनिंग इंजीनियर की शिकायत पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।

बिना अनुमति खोदी जा रही थी 204 मीट्रिक टन मिट्टी:

असिस्टेंट माइनिंग इंजीनियर चंद्र भूषण तिवारी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, विभाग की टीम को सोनीपत की प्रतिष्ठित ओपी जिंदल ग्लोबल सिटी में अवैध खनन की सूचना मिली थी। जब टीम वहां प्लॉट नंबर B-112 पर निरीक्षण करने पहुंची, तो वहां बिना किसी वैध अनुमति और परमिट के बड़े पैमाने पर मिट्टी की खुदाई की जा रही थी। मौके पर जांच करने पर विभाग ने पाया कि लगभग 204 मीट्रिक टन मिट्टी अवैध रूप से खोदी जा चुकी थी।

मशीनें जब्त कर मालिक को थमाया नोटिस:

अवैध खनन पर तुरंत एक्शन लेते हुए माइनिंग विभाग की टीम ने मौके से दो ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक जेसीबी (JCB) मशीन को अपने कब्जे में ले लिया। जब्त किए गए इन सभी वाहनों को सुरक्षा के लिहाज से आरटीए (RTA) पार्किंग यार्ड में खड़ा करवा दिया गया है। इसके साथ ही, विभाग ने अवैध खनन वाले प्लॉट के मालिक को भारी-भरकम जुर्माना भरने का आधिकारिक नोटिस भी जारी कर दिया है। पुलिस अब माइनिंग टीम पर हमला करने वाले फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

#SonipatNews #MiningMafia #IllegalMining #HaryanaCrime #SonipatPolice #HaryanaNews #DainikKhabar

Previous

संस्कारवान समाज ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति - विधानसभा अध्यक्ष राजस्थान

Next

राजस्थान के जल भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल रामजल सेतु परियोजना - मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा