गुरुग्राम: एमबीए छात्र बना शातिर बाइक चोर: बिजनेस में हुए 25 लाख के घाटे की भरपाई के लिए शोरूमों को बनाया निशाना

नई दिल्ली/गुरुग्राम,  23 मार्च (अन्‍नू):  कर्ज और व्यापार में हुए नुकसान की भरपाई के लिए एक शिक्षित युवक के अपराध की दुनिया में कदम रखने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दिल्ली और गुरुग्राम पुलिस ने संयुक्त प्रयासों और तकनीकी सर्विलांस की मदद से पुनीत सतीजा नामक एक एमबीए छात्र को गिरफ्तार किया है। हरियाणा के रेवाड़ी का रहने वाला 29 वर्षीय पुनीत, टेस्ट ड्राइव के नाम पर शोरूम से महंगी मोटरसाइकिलें लेकर फरार हो जाता था। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि रेवाड़ी में कार एसेसरीज के बिजनेस में उसे करीब 25 लाख रुपये का भारी नुकसान हुआ था, जिसकी भरपाई करने के लिए उसने चोरी का यह शॉर्टकट रास्ता चुना।


पुनीत की कार्यप्रणाली बेहद शातिर थी। बीकॉम की पढ़ाई पूरी करने के बाद एमबीए कर रहे पुनीत ने गुरुग्राम के एक रॉयल एनफील्ड शोरूम में छह महीने तक सेल्समैन की इंटर्नशिप की थी। इस दौरान उसने शोरूम के संचालन और टेस्ट ड्राइव की प्रक्रियाओं को बारीकी से समझ लिया था। इसी अनुभव का फायदा उठाकर उसने पिछले चार महीनों में दिल्ली-एनसीआर के कई शोरूमों को अपना निशाना बनाया। वह ग्राहक बनकर शोरूम पहुंचता और टेस्ट ड्राइव के बहाने बाइक लेकर चंपत हो जाता था। हाल ही में उसने गुरुग्राम के सिविल लाइन इलाके से एक बाइक चोरी की और राजीव चौक के रास्ते दिल्ली फरार हो गया था।



आरोपी केवल बाइक चोरी ही नहीं करता था, बल्कि उन्हें बेचने के लिए फर्जी दस्तावेज भी तैयार करता था। वह इन महंगी बाइकों को ओएलएक्स, फेसबुक मार्केटप्लेस और वॉट्सएप ग्रुप्स के जरिए सस्ते दामों पर बेचने का विज्ञापन डालता था। पुलिस के अनुसार, वह अब तक तीन मोटरसाइकिलें बेच चुका था और कई अन्य के सौदे फाइनल करने की फिराक में था। सोमवार को वह एक बाइक की डिलीवरी देने वाला था, लेकिन उससे पहले ही दिल्ली के रोहिणी इलाके से पुलिस ने उसे दबोच लिया।



पुनीत की गिरफ्तारी 19 मार्च को रोहिणी के एक शोरूम से चोरी हुई बाइक के मामले में हुई। इस बाइक में लगे जीपीएस (GPS) सिस्टम और तकनीकी निगरानी की मदद से पुलिस उसे भलस्वा डेयरी इलाके तक ट्रैक करने में सफल रही। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके पास से कुल छह महंगी मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें जावा और रॉयल एनफील्ड जैसी ब्रांडेड बाइक्स शामिल हैं। पुलिस उपायुक्त शशांक जायसवाल के मुताबिक, पुनीत की गिरफ्तारी से दिल्ली और गुरुग्राम के विभिन्न थानों में दर्ज चोरी के 9 मामले सुलझ गए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर आगे की तफ्तीश कर रही है।


#CrimeNews #DelhiNCR #BikeTheft #GurugramPolice #MBAStudent #HaryanNews #Awareness #TestDriveScam #DanikKhabar

Previous

सीबीआई की बड़ी कार्रवाई: पीएनबी बैंक धोखाधड़ी का मुख्य आरोपी विपिन राठी गिरफ्तार, 9 साल से पुलिस को दे रहा था चकमा

Next

चंडीगढ़ कोर्ट का सख्त फैसला: नशा तस्कर अरुण कुमार को 10 साल की कैद, भारी मात्रा में गांजा और अवैध हथियार हुआ था बरामद