अमृतसर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 4 किलो हेरोइन और हथियारों के साथ 'सरपंच' गिरफ्तार, VIP स्कॉर्पियो में तस्करी का भंडाफोड़
पंजाब/अमृतसर, 19 मार्च (अन्नू): पंजाब पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ अपनी मुहिम को तेज करते हुए अमृतसर में एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस की टीम ने एक वीआईपी नंबर वाली स्कॉर्पियो गाड़ी को रोककर भारी मात्रा में हेरोइन और अवैध असलहा बरामद किया है। इस मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह है कि पकड़े गए आरोपियों में एक स्थानीय सरपंच भी शामिल है। पुलिस ने सरपंच के साथ उसके दो अन्य साथियों को भी हिरासत में लिया है।
मेहता थाना पुलिस को इस तस्करी के संबंध में पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी। एएसआई पलविंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गांव मेहता के पास नाकाबंदी की थी। सूचना थी कि कोट हिरदेराम का लवप्रीत सिंह, सिमरप्रीत सिंह और वेरका का बलवंत सिंह भारी मात्रा में नशा और हथियारों के साथ बुट्टर कलां की तरफ से कत्थूनंगल की ओर जा रहे हैं। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए संदिग्ध स्कॉर्पियो (PB02-BD-9300) को रोका और तलाशी ली।
वाहन की सघन तलाशी के दौरान पुलिस को 4 किलो 300 ग्राम हेरोइन, एक 30 बोर का पिस्टल और 4 जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही गाड़ी व नशे की खेप को जब्त कर लिया। इस बड़ी रिकवरी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य संपर्कों को खंगालने में जुटी है।
वहीं, सरपंच की गिरफ्तारी के बाद पंजाब की सियासत भी गरमा गई है। सोशल मीडिया पर सरपंच की कई तस्वीरें वायरल हो रही हैं, जिनमें वह सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) के दिग्गज नेताओं और हलका इंचार्जों के साथ नजर आ रहा है। दावा किया जा रहा है कि आरोपी सरपंच हाल ही में अकाली दल छोड़कर 'आप' में शामिल हुआ था। हालांकि, राजनीतिक गलियारों में मची इस हलचल पर फिलहाल पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन तस्वीरों ने विपक्ष को हमला करने का मौका दे दिया है।
#AmritsarNews #PunjabPolice #DrugBust #HeroinSeized #PunjabPolitics #CrimeUpdate #BreakingNews #SayNoToDrugs #DanikKhabar